नए साल का जश्न मनाने के लिए लोहाजंग में पर्यटक पहुंचने लगे हैं। लोहाजंग के सभी होटल और लॉज 31 दिसंबर के लिए बुक हो चुके हैं। वेदनी, ब्रहमताल, भीकलताल और गैरोली पातल जाने के लिए लोहाजंग में 250 पर्यटक ठहरे हुए हैं। यहां पर्यटकों के लिए पहाड़ी व्यंजन की व्यवस्था की गई है।
नए साल के स्वागत और जश्न के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। लोहाजंग में करीब 15 लॉज और 15 से 20 होटल हैं। थर्टी फर्स्ट और नए साल के स्वागत के लिए लोहाजंग में पर्यटकों का आना शुरू हो गया है। ट्रेकिंग कंपनी इंडिया हैक्स, ट्रेक द हिमालिया, हिमालय हेवन, यूथ हॉस्टिल ऑफ इंडिया आदि ट्रेकिंग कंपनियों ने लोहाजंग के होटल व लॉज को एडवांस बुकिंग की है। लोहाजंग पहुंचे दिल्ली के अमित, बंगलूरू के मनोज व संदीप, महाराष्ट्र के श्रेष्ठ सहाय ने बताया कि वे नए साल का स्वागत व थर्टी फर्स्ट को विदा पर्यटन नगरी लोहाजंग से करेंगे। लोहाजंग के लॉज व्यवसायी इंद्र सिंह राणा ने कहा कि अभी लोहाजंग में 250 से अधिक पर्यटक पहुंचे हैं। पर्यटकों के लिए यहां पर मडुवा व चौलाई की रोटी, झंगोरा की खीर, राजमा की दाल, गाय का घी व मक्खन, सरसों का साग आदि पहाड़ी व्यंजन की व्यवस्था की गई है।