विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की ओर से आयोजित संवाद कार्यक्रम में ऊर्जा निगम के कई अधिकारी बिना तैयारी के पहुंच गए। अधिकारियों को इलेक्ट्रिसिटी एक्ट (विद्युत अधिनियम) के बारे में तक जानकारी नहीं थी, जिस पर मंच के सदस्य शशि भूषण मैठाणी ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देना ही विभाग का दायित्व है। आगामी बैठक में अधिकारी पूरी तैयारी के साथ पहुंचें।
गोपेश्वर स्थित विद्युत वितरण खंड कार्यालय सभागार में उपभोक्ताओं और अधिकारियों के बीच संवाद कार्यक्रम हुआ। इस दौरान चमोली, गोपेश्वर, नंदप्रयाग और जोशीमठ के उपभोक्ताओं की दर्ज शिकायतों की मौके पर सुनवाई और समाधान भी हुआ। इस दौरान मंच के सदस्य शशि भूषण मैठाणी ने कहा कि अधिकांश उपभोक्ताओं को अभी भी एनए (मीटर रीडिंग नहीं) के बिल भेजे जा रहे हैं, जबकि अब बिजली मीटर घरों के बाहर लगे हुए हैं। उन्होंने इसे विभाग की गंभीर लापरवाही बताया। मंच के तकनीकी सदस्य भूपेंद्र कनेरी ने कहा कि शिकायत निवारण मंच उपभोक्ताओं के हितों के लिए है, लेकिन शिकायत दर्ज होने के बाद भी ऊर्जा निगम उनको दूर करने में नाकाम साबित हो रहा है। इस मौके पर सहायक अभियंता अंकित रावत, दीपक राणा, लेखाकार बीएस फोनिया, कार्यालय अधीक्षक हरिकृष्ण पुरोहित, कांति पंवार, शिव प्रसाद गौड़ और रंजना बड़वाल आदि मौजूद रहे।