लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी देवाल-मुंदोली-लोहाजंग-वाण सड़क बदहाल बनी हुई है। इस मार्ग पर बनाए गए पुश्ते सात माह में ही ध्वस्त हो गए हैं।
लोनिवि की ओर से सड़क के पुश्ते, नाली, स्कबर व मरम्मत कार्य के नाम पर हर साल लाखों रुपये के सिलेक्शन बांड बनाकर खर्च किए गए हैं। विभाग ने बरसात से पहले कई ठेकेदारों के नाम बिना टेंडर आमंत्रित किए सिलेक्शन बांड बनाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया है। इस वित्तीय वर्ष में विभाग की ओर से लोहाजंग-वाण सड़क में चयनित अनुबंध कर कई पुश्ते बनाए गए थे, जो सात-आठ माह में ही ध्वस्त हो गए हैं। इस मार्ग पर नाली नहीं होने से बरसात का पानी सड़क में बहने से कई गड्ढे पड़े हैं। वाण के पूर्व बीडीसी मेंबर हीरा पहाड़ी ने बताया कि लोनिवि की ओर से कुछ माह पहले वाण में लाखों रुपये खर्च कर पुश्ता बनाया गया था, जो ढह गया है। इसी प्रकार लोहाजंग-वाण सड़क में कई पुश्ते टूट गए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से बिना टेंडर के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से इस वित्तीय वर्ष में हुए कार्य की जांच की मांग की है। लोनिवि के ईई अजय काला ने बताया कि कुछ कार्य के लिए उनके द्वारा सिलेक्शन किया गया। इसमें कुछ पुश्ते टूट गए हैं। क्षतिग्रस्त पुश्तों को ठीक करने के लिए ठेकेदार को कह दिया गया है। बिना टेंडर के सिलेक्शन करने के जवाब में उन्होंने कहा कि उनसे पहले के अधिकारियों ने भी चयनित अनुबंध के आधार पर काम किया।