श्रीदेव सुमन विवि के गोपेश्वर कैंपस को अतिक्रमणमुक्त करने सहित सात सूत्री मांगों को लेकर चौथे दिन भी आमरण अनशन पर बैठे मनोज सिंह और सौरभ भाटिया का स्वास्थ्य बिगड़ गया। इस पर गोपेश्वर थाना पुलिस ने उन्हें जबरन उठाकर जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। जबकि छात्र महासंघ के उपाध्यक्ष विपिन फरस्वाण ने अपना अनशन जारी रखा है। वहीं, बृहस्पतिवार से दो और छात्रों ने आमरण अनशन शुरू कर दिया।
पांच अगस्त से छात्र संघ अध्यक्ष अमित मिश्रा, विपिन फरस्वाण, मनोज सिंह और सौरभ भाटिया ने आमरण अनशन शुरू किया था। अमित मिश्रा ने दूसरे दिन ही अपना अनशन स्थगित कर दिया था, जबकि तीनों छात्रों ने अनशन जारी रखा था। बृहस्पतिवार को चिकित्सकों की टीम ने अनशनकारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और मनोज सिंह व सौरभ भाटिया के स्वास्थ्य में गिरावट होने पर उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ देने की रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी थी। इस पर थाना पुलिस ने शाम छह बजे दोनों अनशनकारियों को जबरन उठाकर जिला चिकित्सालय में भर्ती करा दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है। दोनों छात्रों को उठाए जाने के बाद छात्र आयुष हटवाल और नीरज मनराल आमरण अनशन पर बैठ गए।