बदरीनाथ हाईवे के साथ ही केदारनाथ और बदरीनाथ धामों को जोड़ने वाले चमोली-मंडल-ऊखीमठ हाईवे पर अब हर वक्त पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन तैनात रहेंगे। 112 नंबर डायल करने पर तीर्थयात्रियों, पर्यटकों के साथ ही जरूरतमंदों को पुलिस की मदद मिल सकेगी। बुधवार को पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने पुलिस मैदान से हरी झंडी दिखाकर चार पेट्रोलिंग वाहनों को रवाना किया। पुलिस महानिदेशक के प्रयासों से हंस फाउंडेशन की ओर से प्रदेश को हाईवे पेट्रोलिंग के लिए वाहन निशुल्क उपलब्ध कराए गए हैं। चमोली जनपद को चार स्कॉर्पियो वाहन प्राप्त हुए हैं।
चमोली जिले में हाईवे पर यातायात व्यवस्था के साथ ही तीर्थयात्रियों व पर्यटकों की मदद के लिए पेट्रोलिंग टीम तैनात की जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर टीमों को बदरीनाथ हाईवे के चमोली, पीपलकोटी, जोशीमठ, मारवाड़ी (70 किमी), नंदप्रयाग, लंगासू, कर्णप्रयाग, गौचर (60 किमी), चमोली, घिंघराण, मंडल (50 किमी), कर्णप्रयाग-थराली, आदिबदरी, गैरसैंण (40 किमी) पर वाहन सहित पेट्रोलिंग के लिए रवाना कर दिया गया है। ये टीमें हाईवे पर आपराधिक घटनाओं को रोकने, वाहनों की चेकिंग के साथ ही चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने में भी सहायता करेंगे। एसपी श्वेता चौबे ने कहा कि ये टीमें चारधाम यात्रा सुरक्षित और निर्वाद रूप से संचालित करने में मदद करेंगी। किसी भी दुर्घटना पर तत्काल सहायता भी प्राप्त हो सकेगी। इस मौके पर सीओ धन सिंह तोमर, सीओ (यातायात) नताशा सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रविकांत सेमवाल और यातायात निरीक्षक प्रवीण आलोक आदि मौजूद थे।