फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Chamoli News ›   He jumped into the whirlpool to save his friend, he survived but two others died

Chamoli News: दोस्त को बचाने कूदे थे भंवर में, वह तो बच गया दो की मौत हो गई

Tue, 15 Jul 2025 07:04 PM IST
देहरादून ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चमोली
संवाद न्यूज एजेंसी, चमोली Updated Tue, 15 Jul 2025 07:04 PM IST
विज्ञापन
He jumped into the whirlpool to save his friend, he survived but two others died
फोटो
विज्ञापन

ट्यूशन से लौटते समय लोडियागाड़ गदेरे में नहाने गए थे पांच छात्र
हादसे के बाद से क्षेत्र में मातम, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे
संवाद न्यूज एजेंसी
गौचर। लोडियागाड़ गदेरे में नहाते समय दो स्कूली छात्रों दिव्यांशु और गौरव की डूबने से हुई मौत की घटना के बाद से गौचर क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। गदेरे में एक दोस्त भंवर में फंसा तो अन्य चारों उसे बचाने कूद गए। भंवर में फंसा छात्र तो किसी तरह बच गया लेकिन दो अन्य की मौत हो गई। मंगलवार को उपजिला अस्पताल कर्णप्रयाग में पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।
सोमवार को ट्यूशन से लौटने के बाद पांच छात्र साढ़े छह बजे पनाई गांव के समीप लोडियागाड़ गदेरे में नहाने चले गए थे। चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह गुसाईं ने बताया कि इस दौरान प्रियांशु नहाने चला गया जबकि अन्य छात्र नहाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान प्रियांशु गदेरे के ताल में बने भंवर में फंस गया जिसे बचाने के लिए चारों छात्र भी कूद गए। प्रियांशु तो किसी तरह बच निकला लेकिन अन्य छात्र फंस गए और कुछ दूरी तक बहने लगे। एक छात्र तो तैर कर किनारे आ गया। उसी ने सूचना पुलिस को दी जिस पर एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कर भंवर में फंसे सभी छात्रों को निकाला। दिव्यांशु बिष्ट (14 वर्ष) पुत्र रविंद्र बिष्ट निवासी गौचर और गौरव गुसाईं (15) पुत्र गंभीर सिंह गुसाईं डाटपुल गौचर को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां दोनों ने उपचार से पहले ही दम तोड़ दिया। अन्य छात्र बाॅबी रावत (15) पुत्र पीतांबर सिंह निवासी घली बैंड तूना रुद्रप्रयाग, अंशुल चौधरी (15) पुत्र राजेश चौधरी निवासी चोपड़ा पोखरी, द्रोणागिरी और प्रियांशु बिष्ट (16) पुत्र रविंद्र बिष्ट निवासी ग्रैफ चौक शामिल हैं।
विज्ञापन

इंसेट
सभी विद्या मंदिर इंटर काॅलेज के छात्र, स्कूल रहे बंद
पांचों छात्र सरस्वती विद्या मंदिर इंटर काॅलेज के छात्र हैं जिसमें से प्रियांशु बिष्ट (16) 11वीं कक्षा और चार अन्य कक्षा नवीं के छात्र हैं। दो छात्रों के निधन के शोक से मंगलवार को सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल और इंटर काॅलेज दोनों बंद रहे। प्रधानाचार्य मदन सिंह चौधरी और विद्यालय स्टाफ ने मृतक छात्रों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। वहीं पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, सभासद विनोद कनवासी, सामाजिक कार्यकर्ता बीरेंद्र सिंह राणा ने सीएचसी कर्णप्रयाग पहुंचकर मृतक छात्रों के परिजनों को ढाढ़स बंधाया।
विज्ञापन
विज्ञापन



बेटे के जाने के जख्म नहीं भरे अब पोते की मौत दे गई दर्द
नारायणबगड़ के गंगा सिंह गुसाईं के बेटे की एक साल पहले हादसे में गई थी जान
बीपी बमोला
गौचर। नारायणबगड़ ब्लाॅक के डुंग्री गांव निवासी गंगा सिंह के बेटे की बीते वर्ष सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उसके जख्म अभी भरे ही नहीं थे कि अब बीते सोमवार को पोते (बड़े बेटे का बेटा) की भी गदेरे में डूबने से मौत हो गई। इससे गंगा सिंह बुरी तरह टूट गए हैं।
गंगा सिंह गुसाईं राजकीय पॉलीटेक्निक में कार्यालय सहायक के पद पर कार्यरत हैं। पोते-पातियों को अच्छी शिक्षा मिले इसके लिए उन्होंने पिछले साल तक अपने छोटे बेटे पवन के बच्चों को साथ में रखा था। मगर एक साल पहले उनके बेटे पवन (25) की रतूड़ा के समीप सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बेटे के परिवार की पूरी जिम्मेदारी गंगा सिंह के कंधे पर आ गई। इस बीच आईटीबीपी में सेवारत उनके बड़े बेटे गंभीर सिंह की तैनाती अफगानिस्तान में होने से फिर बड़े बेटे के बच्चों की पढ़ाई का जिम्मा भी गंगा सिंह के ऊपर आ गया। ऐसे में छोटे बेटे के बच्चों और बहु को उन्होंने गांव में भेज दिया। इसके बाद वह बड़े बेटे के परिवार (बहु, दो बेटे और एक बेटी) के साथ यहां किराये पर रहकर नौकरी कर रहे थे। साथ ही बेटे के परिवार की देखभाल में जुटे हुए थे। मगर सोमवार शाम को पनाई गांव के समीप गदेरे में डूबने से उनके गौरव (15) की मौत हो गई। रोते हुए गंगा सिंह कहते हैं कि साल दर साल मिलते इन जख्मों से खुद को संभालना मुश्किल हो गया है। संवाद

इंसेट
दस वर्ष पहले तीन महिलाएं बह गई थी गदेरे में
लोडियागाड़ गदेरा लोगों के लिए खतरे का सबब बना रहता है और बरसात में यह भयावह रूप ले लेता है। पनाई के ग्रामीणों ने बताया कि दस साल पहले यहां गदेरे में घास लेने गई तीन महिलाएं बह गई थीं। इस गदेरे का कैचमेंट फनल (कीप) के आकार का है। ऊपर से भारी मात्रा में इकठ्ठा हुआ बरसात का पानी नीचे तलहटी में संकरे मार्ग से गुजरता है जिससे गदेरे के तेज बहाव का अंदाज नहीं लगता है। सुनील पंवार, राकेश लिंगवाल आदि ने यहां व्यापक सुरक्षा उपाय करने की मांग की।


गदेरों के आसपास न जाने की अपील
पनाई गांव के समीप हुए हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने लोगों से मानसून सीजन तक नदियों और गदेरों के आसपास न जाने की अपील की है। थानाध्यक्ष राकेश चंद्र भट्ट ने किसी भी घटना के घटित होने पर तत्काल सूचना उपलब्ध कराने और अभिभावकों को अपने बच्चों पर नजर बनाए रखने की भी अपील की।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed