गणपति बाप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारों के बीच गणेश भगवान की प्रतिमा का नंदाकिनी नदी में विसर्जन किया गया। इस दौरान मां नंदा की भूमि भगवान गणेश के जयकारों से गूंज उठी। बारिश के बावजूद भक्तों में गजब का उत्साह देखने को मिला वहीं, गोपेश्वर के मुख्य बाजार और प्राचीन गणेश मंदिर में चल रहे गणेश महोत्सव का भी समापन हो गया है।
घाट में आयोजन स्थल पर सुबह आठ बजे से पंडित अनसूया प्रसाद सती और प्रियांशु सती ने भगवान गणेश की विशेष पूजा संपन्न की। ग्यारह बजे पूर्णाहुति हुई। दोपहर में गणेश भगवान की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई जो नंदाकिनी और चुफलागाड के संगम पर संपन्न हुई। यहां वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया। व्यवसायी मोहन सिंह रौतेला ने भंडारे का आयोजन किया। वहीं, गोपेश्वर में उम्मीदें ग्रुप की ओर से आयोजित गणेश महोत्सव में भगवान गणेश की प्रतिमा का चमोली में अलकनंदा नदी में विसर्जन किया गया। गोपेश्वर से चमोली बाजार तक भगवान गणेश की शोभायात्रा भी निकाली गई। इस मौके पर मनोज बिष्ट, मनोज तिवारी, पंडित जगदंबा प्रसाद भट्ट, दिनेश तिवारी, मनोज जुयाल, वीरेंद्र, कलावती पाठक, गीता बिष्ट, मोहन बर्त्वाल आदि मौजूद थे।