भराड़ीसैंण विस सत्र: सीएम धामी बोले-जनविश्वास पर खरा उतरते रहेंगे, बजट ही नहीं हर क्षेत्र में हुई तरक्की
सीएम धामी ने कहा कि पांच साल के भीतर प्रदेश आर्थिक रूप से काफी बदला है। 2020-21 का बजट 64,489 करोड़ था जो आज बढ़कर 1,19,000 करोड़ पार चला गया है।
विस्तार
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिस तरह से उनकी सरकार ने काम किया है, वह अनवरत जारी रहेगा। जनविश्वास पर खरा उतरते रहेंगे। अनुपूरक बजट सदन पटल पर रखने के बाद मीडिया से बातचीत में सीएम धामी ने अपने कार्यकाल का लेखा-जोखा पेश किया।
सीएम धामी ने कहा कि पांच साल के भीतर प्रदेश आर्थिक रूप से काफी बदला है। 2020-21 का बजट 64,489 करोड़ था जो आज बढ़कर 1,19,000 करोड़ पार चला गया है। 2022 में सकल राज्य घरेलू उत्पाद 2.55 लाख करोड़ से बढ़कर 3.82 लाख करोड़ पर पहुंच गया है। प्रतिव्यक्ति आय 2022 में 1.95 लाख से बढ़कर 2.74 लाख रुपये हुई। गरीबी 9.7 से घटकर 6.92 प्रतिशत आ गई। सौर उत्पादन 439 से बढ़कर 1271 मेगावाट हो गया। विदेशी पर्यटकों की संख्या 2022 में 64,489 से बढ़कर 1.92 लाख 533 पर पहुंच गई।
2000 छात्रों को भेजेंगे भारत दर्शन पर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए भी लगातार प्रयासरत है। अभी तक हम 1000 मेधावी छात्रों को भारत दर्शन पर भेजते हैं। अब 2000 युवाओं को भेजा जाएगा। सीएम युवा भविष्य निर्माण योजना से 10 हजार से अधिक युवाओं को निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग देंगे। विदेशी भाषा का प्रशिक्षण लेकर हमारे बच्चे जापान, जर्मनी में रोजगार पा रहे हैं।
पुलिस के लिए बनेंगे पूरे आवास
सीएम धामी ने कहा कि पूर्व में पुलिस के लिए केवल 18 प्रतिशत आवास उपलब्ध थे। हमने 300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था। इसके लिए अनुपूरक बजट में भी प्रावधान किया गया है। हर साल हम 100 करोड़ रुपये इसके लिए दे रहे हैं।
कई गेमचेंजर योजनाएं बदलेंगी तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी कई योजनाएं तस्वीर बदल देंगी। नई मौन पालन नीति के तहत अब वनों में भी मौन पालन हो सकेगा। मदनमोहन मालवीय प्राज्य संस्थान से वैदिक ज्ञान लेने का मौका मिलेगा। नए नगर निकायों के कार्यालयों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत हम टैक्स से आने वाले कलेक्शन में से अब 10.50 के बजाए 12.50 प्रतिशत हिस्सा देंगे, जिससे विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि वह जनविश्वास पर खरा उतरते रहेंगे। अगली सरकार में और ताकत के साथ काम करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया कि उन्होंने पीएम बनने के बाद से अब तक 28 बार उत्तराखंड की यात्रा की है। हर बार राज्य को चारधाम ऑलवेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन, देहरादून-दिल्ली इकोनोमिक कॉरिडोर समेत तमाम सौगातें दी हैं।