आदिबदरी तहसील के नंदासैंण में आयोजित चार दिवसीय पर्यावरण संवर्धन, पर्यटन विकास मेला शनिवार को रंगारंग कार्यक्रमों के साथ शुरू हो गया है। मेले में स्थानीय लोगों ने पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया। इस दौरान पर्यावरण रैली भी निकाली गई।
मेला शुरू होने से पहले मालई गांव के ग्रामीणों ने मां नंदा देवी और लाटू देवता की पूजा-अर्चना की। उसके बाद मेले का शुभारंभ करते हुए कर्णप्रयाग के विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि नंदासैंण क्षेत्र हमेशा से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में मिशाल पेश करता आया है। उन्होंने मेला कमेटी को एक लाख रुपये देने की घोषणा की। कहा, नंदासैंण से किसी भी हालत में महाविद्यालय को बाहर नहीं जाने दिया जायेगा व जल्दी ही कॉलेज भवन के निर्माण के लिए पैसा स्वीकृत करवाया जायेगा। मेले में स्थानीय लोगों सहित चौरासैंण, जखेट, खेती, डुंग्री, बैनोली, एरोली, गिरतोली, मालई, किरसाल, दुपतोली, नंदासैंण, नौटी, पुनगांव, बैनोली, मटियाला स्कूली बच्चों ने पर्यावरण स्वच्छता रैली निकालकर लोगों को पॉलीथिन का प्रयोग रोकने के लिए प्रेरित किया। क्षेत्र की महिला मंगल दलों ने शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। देवभूमि जनकल्याण शिक्षण संस्था ने लोगों को कपड़े के थैले बांटे। इस मौके पर विशिष्ठ अतिथि कर्णप्रयाग की ब्लॉक प्रमुख चंद्रेश्वरी देवी, जिपं सदस्य विनोद नेगी, धनपा देवी, मेलाध्यक्ष हरेंद्र चौधरी, सुभाष नौटियाल, सुरेंद्र भंडारी, मोहन भंडारी, गोविंद बिष्ट, शेरखान, अशोक चौधरी, एमएस भंडारी, सुरेन्द्र रावत आदि थे।