डीएम स्वाति एस भदौरिया ने एकीकृत आजीविका सहयोग परियोजना के तहत थराली में नंदादेवी व गौरादेवी आजीविका संघ की ओर से संचालित मंडुवा बिस्कुट एवं चप्पल यूनिट का निरीक्षण किया। इस दौरान संघ के सदस्यों ने डीएम से यूनिटों में बिजली की समस्या का निराकरण करने और थराली में होम स्टे संचालन की मांग उठाई।
डीएम ने आजीविका संघ को मंडुवा बिस्कुट के अलावा यूनिट में पेस्ट्री, बर्थडे केक एवं अन्य बेकरी प्रोडक्ट तैयार करने पर जोर दिया, ताकि संघ से जुड़ी महिलाओं के समूहों को ज्यादा लाभ मिल सके। उन्होंने आजीविका यूनिटों के वृहद स्तर पर संचालन के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिया। कहा कि स्थानीय उत्पादन को बढ़ाने के लिए लोल्टी सहित अन्य ग्रोथ सेंटरों पर भी 3-फेस बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। आईएलएसपी के सहायक प्रबंधक महेंद्र कफोला ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में आजीविका संघ ने अभी तक 6 लाख का टर्नओवर कर लिया है। इस मौके पर एसडीएम केएस नेगी, बीडीओ आशोक कुमार शर्मा, आईएलएसपी के सहायक प्रबंधक महेंद्र कफोला, अंकित बालियान और राजबर बिष्ट मौजूद थे। संवाद