अपर बाजार कर्णप्रयाग में बदीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए 1.25 करोड़ की लागत से तीन मंजिला विश्राम भवन बनाने की कवायद हो गई है। बुधवार को बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह ने नए भवन के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। इस दौरान पंडित सुमन प्रसाद डिमरी और चंडी प्रसाद खंडूड़ी ने पूजा-अर्चना की।
कर्णप्रयाग के अपर बाजार में बीकेटीसी की ओर से पूर्व में बनाया गया विश्राम गृह जीर्णशीर्ण हो गया है। भवन की खस्ताहालत को देखते हुए समिति ने नए भवन निर्माण का निर्णय लिया। बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह ने कहा कि नए भवन को बनाने की स्वीकृति मिल गई है और पुराने भवन को तोड़कर 1.25 करोड़ की लागत से तीन मंजिला नया भवन बनाया जाएगा। भूतल पर पार्किंग सहित हॉल बनेगा। प्रथम मंजिल में कि चन, स्वागत कार्यालय, हॉल व शौचालय का निर्माण होगा। द्वितीय मंजिल पर यात्रियों को रहने के लिए 15 कक्ष और तीसरी मंजिल पर कर्मचारियों के लिए आवास बनाए जाएंगे। विश्राम भवन का निर्माण एक साल में पूरा हो जाएगा। बुधवार को भूमि पूजन किया गया। भवन बनने से बदरीनाथ यात्रा पर आने वाले यात्रियों को रुकने की सुविधा मिलेगी। इस मौके पर बीकेटीसी के सदस्य अरुण मैठाणी, सभासद कैलाश जोशी, भुवन नौटियाल, अधिशासी अभियंता अनिल ध्यानी, सोनू नेगी, दिनेश शर्मा और अनिल खंडूड़ी आदि मौजूद थे।