चमोली जिला सहकारी बैंक में सॉफ्टवेयर बदलने के विरोध में कर्मचारियों का आंदोलन शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। सॉफ्टवेयर बदलने को लेकर बैंक प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच लंबे दौर तक वार्ता चली लेकिन विफल रही। इसके बाद कर्मचारियों ने आंदोलन जारी रखने का एलान किया। उन्होंने बैंक प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि यदि सॉफ्टवेयर बदलने का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो वह बेमियादी हड़ताल शुरू कर देंगे।
यूनियन का कहना है कि बैंक में अब तक जो सॉफ्टवेयर इस्तेमाल किया जा रहा है उसकी सेवाएं बेहतर हैं, लेकिन यहां पर ऐसी कंपनी के सॉफ्टवेयर को ले लिया गया है जिनको बैंकिंग क्षेत्र का कोई अनुभव नहीं है। इससे बैंकिंग व्यवस्था पर दुष्प्रभाव पड़ेगा। शुक्रवार को प्रधान कार्यालय गोपेश्वर के साथ ही अन्य बैंक शाखा के अधिकारी व कर्मचारियों की बैंक प्रबंधन के साथ वार्ता हुई, लेकिन वार्ता में कोई हल न निकलने के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन जारी रखा। इस मौके पर नीरज बिष्ट, मुकेश पाठक, जगदीश फरस्वाण, गौरव चंद्र, बृजभूषण, शैलेंद्र मैंदोली, शशि सती, शैलेंद्र रावत, जीएस खत्री, अमित शाह और रोहित मारवाड़ी आदि मौजूद थे।