बदरीनाथ धाम: कपाट बंद होने से पहले उत्साह, श्रद्धालुओं की संख्या 22 लाख के पार, रोज पहुंच रहे 10 हजार से अधिक
कपाट बंद होने की तारीख नजदीक आने के साथ ही बदरीविशाल के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही तेज हो गई है। पहाड़ों पर बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बावजूद धाम में हर दिन हजारों तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं।
विस्तार
बदरीनाथ धाम की यात्रा अंतिम चरण में चल रही है। लेकिन तीर्थ यात्रियों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। धाम में हर दिन 10 हजार से अधिक यात्री दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। अब तक धाम में 22 लाख से अधिक श्रद्धालु बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। वहीं अब बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद होने में मात्र 15 दिन का समय शेष है।
बदरीनाथ धाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछले दिनों धाम की चोटियों पर हुई बर्फबारी के बाद सुबह-शाम ठंडी हावा चल रही है। लेकिन धाम में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा लगातार तेजी से बढ़ता जा रहा है। शनिवार को धाम में 10 हजार से अधिक यात्री दर्शन करने के लिए पहुंचे, वहीं रविवार को भी धाम में भारी भीड़ जुटी रही। बदरीनाथ मंदिर के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
ये भी पढे़ं...देवप्रयाग: विधायक विनोद कंडारी का वाहन दुर्घटनाग्रस्त, बदरीनाथ हाईवे पर दूसरे वाहन ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचे
शनिवार को जहां यात्रियों की संख्या 21 लाख 92 हजार 54 थी, वहीं रविवार को यह आंकड़ा 22 लाख के पार पहुंच गया। जिस तरह से धाम में यात्रियों की संख्या बढ़ रही है यदि यह सिलसिला बरकरार रहता है तो आने वाले कुछ दिनों में ही यात्रियों का आंकड़ा 23 लाख के पार पहुंच जाएगा। बदरीनाथ धाम में यात्रियों का यह आंकड़ा अब तक का सबसे बड़ा रिकार्ड है।