श्रीदेव सुमन विवि परिसर गोपेश्वर के बीएड संकाय के छात्र-छात्राओं ने परीक्षा कार्यक्रम में हो रही देरी पर शुक्रवार को परिसर के गेट पर प्रदर्शन कर कुलपति का पुतला फूंका। कहा गया कि पूर्व में 14 सितंबर से परीक्षा तिथि नियत की गई थी, लेकिन अभी तक प्रवेश पत्र ही निर्गत नहीं किए गए हैं। विवि स्तर से ही परीक्षा आयोजित करवाने में देरी की जा रही है। जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बीएड छात्र संदीप नेगी का कहना है कि छात्र-छात्राएं इन दिनों परीक्षा की तैयारी में लगे हुए थे। 14 सितंबर से परीक्षा शरू होनी थी। लेकिन महाविद्यालय परिसर में परीक्षा आयोजन की कोई तैयारी अभी तक नहीं हुई है। प्रवेश पत्र भी जारी नहीं किए गए हैं। जिससे जल्द परीक्षा आयोजित होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। कहा कि इस संबंध में श्रीदेव सुमन विवि से संपर्क भी किया गया, लेकिन कोई सकारात्मक जबाव नहीं मिल पाया है। इस मौके पर छात्र संघ अध्यक्ष पवनेश रावत, कैलाश बिष्ट, शुभम रावत, भगत फर्स्वाण, पंकज कुमार, सविता खंडूरी, अंजलि, करिश्मा, रीना, बलवंत नेगी, कमल आदि मौजूद थे।