बागेश्वर। स्वास्थ्य विभाग में एनएचएम के माध्यम से कोविड काल में तैनात किए गए उपनल कर्मियों ने सेवा विस्तार और समायोजन की मांग के लिए कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने डीएम के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन भेजा। जल्द मांग पूरी नहीं किए जाने पर आंदोलन तेज करने की चेेतावनी दी।
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जिले में स्वास्थ्य विभाग ने 85 कर्मचारियों को उपनल के माध्यम से तैनात किया था। जिनकी सेवा अवधि 31 मार्च को पूरी होने जा रही है। कर्मचारी सेवा को आगे बढ़ाने या विभाग की स्वास्थ्य इकाईयों में समायोजित करने की मांग को लेकर चार दिन से आंदोलन पर हैं। बुुधवार को उपनल संविदा कर्मियों ने कलक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी करते हुए अपनी मांग दोहराई। स्वास्थ्य मंत्री को भेजे ज्ञापन में कार्मिकों का कहना है कि मुश्किल हालातों में विभाग में सेवा देने के बावजूद उन्हें बेरोजगार करने की तैयारी चल रही है। कहा कि दो साल से कर्मचारियों की रोजी-रोटी इसी सेवा से चल रही है। अब उन्हें अचानक से सेवा से हटाया जाना उचित नहीं है। कर्मचारियों ने सरकार से मामले का संज्ञान लेकर उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है। इस मौके पर सतीश चंद्र तेवाड़ी, दिनेश राम, आनंद प्रसाद, गोकुल रावत, खीम गिरी, अंकित कुमार, हरीश सिंह, योगिता, दीपा आदि थे।