बागेश्वर। रेडियोलॉजिस्ट के छुट्टी पर होने से जिला अस्पताल में पांच दिन से अल्ट्रासाउंड बंद है। अल्ट्रासाउंड नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्भवती महिलाओं और दूर दराज से आने वाले लोगों की दिक्कतें अधिक बढ़ गई हैं।
19 जनवरी से रेडियोलॉजिस्ट छुट्टी पर हैं। उनके नहीं होने पर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई है। जिला अस्पताल में रोजाना 30 से अधिक मरीज अल्ट्रासाउंड कराने के लिए पहुंचते हैं, जिनमें अधिकतर लोग ग्रामीण क्षेत्रों से होते हैं। अब उन्हें अल्ट्रासाउंड के लिए हल्द्वानी या अल्मोड़ा जाना पड़ रहा है।
कांडा, कपकोट और दुग नाकुरी तहसील के गांवों से आने वाले अधिकतर लोगों को गाड़ी का किराया और समय बर्बाद करने के बावजूद मायूस लौटना पड़ रहा है। सीएमएस डॉ. एसपी त्रिपाठी ने बताया कि स्वास्थ्य खराब होने के कारण रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर हैं। रविवार को वह पहुंचने वाले हैं। सोमवार से अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था सुचारु हो जाएगी।