कपकोट (बागेश्वर)। कपकोट-भराड़ी में होने वाले उत्तरायणी मेले की तैयारियां तेज हो गईं हैं। इस साल मेले के दौरान कुश्ती दंगल का आयोजन कराया जाएगा। पहली बार होने वाले दंगल में पंजाब, दिल्ली और हरियाणा के नामी पहलवान दमखम दिखाएंगे। लोक कलाकार स्टार नाइट कार्यक्रम में अपने सुरों का जादू बिखेरेंगे।
शनिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न मेला समितियों का गठन किया गया। तय हुआ कि मेले के आयोजन का पोस्टर पांच जनवरी को जारी किया जाएगा। नपं अध्यक्ष ऐठानी ने बताया कि मेले के उद्घाटन पर 14 जनवारी को केदारेश्वर मैदान से मुख्य मंच मां बाराही मंदिर तक भव्य झांकी निकाली जाएगी। शाम को केदारेश्वर के पास सरयू आरती की जाएगी। स्टार नाइट में खुशी जोशी, गोविंद दिगारी, राकेश खनवाल, दीपिका राज, आनंद सिंह कोरंगा, कुंदन सिंह कोरंगा, रमेश बाबू गोस्वामी, मेघना चंद्रा, रोहित आगरी, ललित कपकोटी, गोविंद पंवार गीतों से लोगों का मनोरंजन करेंगे। डांस कलाकार भी मंच से प्रदेश की लोक संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे। 15 जनवरी को मुख्य मेला आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद प्रतियोगिताएं भी होंगी। मेले के दौरान लगने वाली दुकानें केदारेश्वर मैदान में करीब 20 दिनों तक चलेंगी। झूले, चरखे सहित मनोरंजन के विभिन्न साधन भी लगाए जाएंगे। इस मौके पर ईओ बलवंत सिंह रावत समेत सभासद और मेला समितियों के पदाधिकारी, सदस्य मौजूद रहे।