बागेश्वर। बिचला दानपुर क्षेत्र में सरकारी शिक्षा के हालात से आक्रोशित भनार के ग्रामीणों ने मुख्य शिक्षाधिकारी (सीईओ) कार्यालय में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत भनार के राप्रावि नैकाना में 40 बच्चों पर केवल एक शिक्षक और राप्रावि शैली शामा में चार बच्चों के पढ़ाने के लिए दो शिक्षकों की तैनाती पर आपत्ति जताई। राप्रावि नैकाना में जल्द एक शिक्षक की तैनाती करने की मांग की।
भनार के ग्रामीणों ने उपप्रधान नरेंद्र कोरंगा के नेतृत्व में सीईओ कार्यालय में नारेबाजी के बाद सीईओ को ज्ञापन सौंपा। बताया कि नैकाना में लंबे समय से एक ही शिक्षक तैनात है। बच्चों की अधिक संख्या को देखते हुए एक अतिथि शिक्षक की तैनाती की गई, लेकिन अब भी शिक्षक का पद रिक्त चल रहा है। जिसके कारण बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। वहीं शैली शामा में केवल चार बच्चों को पढ़ाने केे लिए दो शिक्षक तैनात किए गए हैं। कहा कि विभाग की कार्यप्रणाली के कारण नैकाना से बच्चे पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। कहा कि अधिक छात्रसंख्या वाले विद्यालय की उपेक्षा के कारण अभिभावक बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने विद्यालय की छात्र संख्या को देखते हुए जल्द नैकाना में शिक्षक की तैनाती करने को कहा। वहां पर गोविंद सिंह, हेमा देवी, विमला देवी, माया देवी, प्रताप सिंह, दिनेश राम, नैन राम, प्रेम सिंह आदि थे।