बागेश्वर। राशन कार्ड ऑनलाइन कराने के बाद कई तरह की खामियां आ रही है। कुछ कार्डों में नाम, पते गलत अंकित हुए हैं, तो कई बीपीएल कार्डों को एपीएल में बदल दिया है। इसके चलते लोगों को राशन नहीं मिल पा रहा है। इस अव्यवस्था से लोगों में रोष पनप रहा है। कपकोट विकास खंड के सुमगढ़ गांव की महिलाओं ने ब्लॉक प्रमुख को ज्ञापन देकर राशन कार्ड की कमियों को दूर करवाने की मांग की।
सुमगढ़ की महिलाओं ने ब्लॉक प्रमुख गोविंद दानू को बताया कि नए बने राशन कार्डों में कई गलतियां आ रही हैं। अब भी कई लोगों के कार्ड ऑनलाइन नहीं चढ़े हैं। बताया कि शिविर लगाकर कर्मचारियों ने फॉर्म और प्रपत्र भरवाए थे। इसके बाद भी खामियां देखने को मिल रही है। कई राशन कार्ड बीपीएल के होने के बाद भी ऑनलाइन में एपीएल कैटेगिरी में दर्ज हो गए हैं। राशन कार्ड की कमियों का दूर करने के लिए विभाग बार-बार लोगों से चक्कर कटवा रहा है। इसमें लोगों का समय और धन बर्बाद हो रहा है। गरीब परिवार के लोगों को इससे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रमुख दानू ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि वह जल्द ही डीएसओ से वार्ता कर उनकी समस्या का निदान करवाएंगे। ज्ञापन देने वालों में मीरा देवी, नीमा देवी, लछिमा देवी, पुष्पा देवी आदि थे।