बागेश्वर। सेवा विस्तार और समायोजन की मांग को लेकर उपनल कर्मचारियों का धरना जारी है। कर्मचारियों ने डीएम कार्यालय के बाहर सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। सामाजिक कार्यकर्ता बालकृष्ण ने संविदा कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन दिया और सरकार से जल्द सेवा बहाल कराने की मांग की।
कोरोना काल में स्वास्थ्य विभाग में एनएचएम के तहत उपनल संविदा पर रखे गए कर्मचारियों को 31 मार्च के बाद से सेवा से हटा दिया गया है। कर्मचारियों के समर्थन में आए सामाजिक कार्यकर्ता बालकृष्ण ने कहा कि प्रदेश सरकार ने दो साल की सेवा के बाद जिस तरह से इनकी सेवा समाप्त की है, वह उचित नहीं है। कहा कि संविदा कर्मियों को हटाने से विभाग के सैंपलिंग सहित अन्य कार्य प्रभावित हो गए हैं। वहीं कर्मचारियों को काम निकालने के बाद बेरोजगार किया जा रहा है। अगर सरकार ने जल्द कर्मचारियों की जायज मांग को पूरा नहीं किया तो वह विधायक के घर के बाहर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहां पर संजय कनौजिया, चंदन कुमार, दीपा देवी, यशोदा देवी, हरीश चंद्र आदि थे।