बागेश्वर। अल्मोड़ा में होने वाले सांस्कृतिक दलों के ऑडिशन का विरोध कर रहे लोक कलाकारों ने जिला सूचना कार्यालय में तालेबंदी की। कलाकारों ने कोरोना महामारी को देखते हुए ऑडिशन को एक वर्ष बाद कराने की मांग की। जल्द समस्या का निदान नहीं होने पर 20 सितंबर से अल्मोड़ा के गांधी पार्क में आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
जिले में 16 सांस्कृतिक दल सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत हैं। सभी सांस्कृतिक दलों से जुड़े कलाकारों का विभाग हर तीन वर्ष बाद ऑडिशन लेता है। इस वर्ष 21 सितंबर से अल्मोड़ा में ऑडिशन होना है। जिसके विरोध में कलाकारों ने जिला सूचना कार्यालय में तालेबंदी कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कलाकारों का कहना है कि सरकार ने आनन-फानन में ऑडिशन कराने का निर्णय लिया है। कलाकारों को पूर्व से तैयारी करने का मौका नहीं दिया गया। वहीं, कोरोना के चलते पिछले डेढ़ वर्ष से सांस्कृतिक दलों को कोई काम नहीं मिला है। ऑडिशन में प्रत्येक सांस्कृतिक दल को हजारों रुपये का खर्चा आएगा। पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहे सांस्कृतिक दलों के लिए इस खर्च को फिलहाल वहन कर पाना संभव नहीं है। कहा कि सरकार ने कोरोना के चलते कई स्थानों पर रियायत दी है, ऐसे में लोक कलाकारों के ऑडिशन की समय सीमा भी बढ़ाई जानी चाहिए। वहां पर अर्जुन देव, अजय चंदोला, भास्कर तिवारी, गणेश कुमार, भरत कुमार, ज्योति, आनंद प्रसाद, आशीष आदि थे।