बागेश्वर। उत्तराखंड पुलिस वाइफ वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से कोतवाली परिसर में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुशल चिकित्सकों ने पुलिस परिवार की 60 महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की। महिलाओं में होने वाली बीमारियों और उनके बचाव की जानकारी दी।
स्वास्थ्य शिविर का आयोजन उपवा की जिलाध्यक्ष निधि श्रीवास्तव के निर्देशन में किया गया। जिला अस्पताल की अनुभवी महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. गायत्री पांगती, ममता परिहार और अन्य डॉक्टरों की टीम ने महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की। डॉक्टरों की टीम ने महिलाओं की सेहत संबंधी परेशानियों को जाना और बीमारियों से बचाव के लिए सलाह दी। शिविर में बीमारी से पीड़ित महिलाओं को दवाएं भी बांटी गई। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सीओ शिवराज सिंह राणा ने महिलाओं को स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए जागरूक किया। उपवा जिलाध्यक्ष निधि श्रीवास्तव ने बताया कि संगठन की ओर से पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों को लेकर समय-समय पर कार्यक्रम किए जाते हैं। यहां कोतवाल जगदीश ढकरियाल, प्रधान लिपिक सोहेल अनवर शम्सी, निरीक्षक शिवराज सिंह बिष्ट आदि रहे।