बागेश्वर। विद्युत लाइन से छेड़खानी के कारण फॉल्ट हो गया। इसे सुधारने में हुई देरी के कारण घंटों तक करीब 3000 लोग परेशान रहे।
सोमवार रात 10 बजे कलक्ट्रेट-मेहनरबूंगा, बिलौना-मालता, पौड़ीधार से रैखोली तक जाने वाली मुख्य लाइन की बिजली अचानक गुल हो गई। विद्युत कर्मचारियों को रात 11:30 बजे मेहनरबूंगा में फॉल्ट मिला। यहां 11000 वोल्ट लाइन के नीचे अवैध रूप से टिनशेड बनाया गया था।
बिजली लाइन को दूर करने के लिए एक बल्ली से तारों, टिनशेड के बीच दूरी बनाई थी। सोमवार शाम से हो रही बारिश के कारण बल्ली गीली हो गई और टिनशैड में करंट फैल गया। इसने लाइन के मुख्य फ्यूजों को जला दिया। धमाके के साथ पूरी लाइन ट्रिप हो गई। सौभाग्य से तब उस घर में कोई नहीं था। अन्यथा अनहोनी हो जाती। ईई भास्कर पांडे ने बताया कि ऐसे मकान मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।