बागेश्वर। ज्वालादेवी वार्ड में बिछाई गई पेयजल लाइन से पैदल रास्ते में पानी लीकेज हो रहा है। रिसाव होने से पानी की बर्बादी तो हो ही रही है, आवाजाही के दौरान लोगों के चोटिल होने का खतरा भी बना है।
जिला मुख्यालय के ज्वालादेवी वार्ड स्थित मजियाखेत की पेयजल योजना का संचालन नगरपालिका कर रही है। इस योजना के तहत बिछाई गई पाइप लाइन से मजियाखेत में बने पैदल रास्ते पर पानी लीक हो रहा है। पानी के रिसाव होने से रास्ते पर कीचड़ हो गया है और फिसलन बढ़ गई है। रास्ते की बदहाली से लोगों को आवाजाही करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय कई लोग रास्ते से आवाजाही करते हुए फिसलकर गिरने से चोटिल हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीच रास्ते से बनी पेयजल लाइन से बाजार क्षेत्र की ओर जाने वाले लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी हरीश सिंह, भाष्कर पाठक, दीपा जोशी, भावना मेहता का कहना है कि रास्ते के ऊपर से बनी पेयजल लाइन का अन्यत्र शिफ्ट किया जाना चाहिए। इन लोगों ने रास्ते में हो रहे पानी का रिसाव बंद करने की मांग की है। नगरपालिका के ईओ राजदेव जायसी का कहना है कि पेयजल लाइन में हो रहे लीकेज को जल्द ठीक किया जाएगा।