फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Bageshwar News ›   Kumaun Regiment Escaled Mount Durgakot

कुमाऊं रेजीमेंट ने दुर्गाकोट चोटी को फतह कर रचा इतिहास

Haldwani Bureau हल्द्वानी ब्यूरो
Updated Mon, 23 May 2022 12:09 AM IST
विज्ञापन
Kumaun Regiment Escaled Mount Durgakot
बागेश्वर के सुंदरढूंगा घाटी में ट्रेकिंग करता सेना के जवानों का दल। विज्ञप्ति - फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कुमाऊं रेजीमेंट के पर्वतारोही दल के 13 सदस्यों ने सुंदरढूंगा घाटी में 5800 मीटर ऊंची दुर्गाकोट चोटी को फतह कर लिया है। सेेना की किसी भी टुकड़ी ने पहली बार इस चोटी पर चढ़ाई करने में सफलता प्राप्त की है। दल के सदस्यों ने विपरीत हालातों का डटकर सामना किया और रात के समय चोटी पर चढ़ाई की। टीम ने सूर्योदय से पहले चोटी पर तिरंगा फहराकर इतिहास रचा।
विज्ञापन

मेजर अशोक कपूर के नेतृत्व में सेना के 30 सदस्यों का पर्वतारोही दल नौ मई को रानीखेत से रवाना होकर कपकोट के खर्किया पहुंचा था। 10 मई को दल खर्किया से जांतोली होते हुए कठलिया तक गया। कठलिया में दल के सदस्य मौसम सेे सामंजस्य बैठाने के लिए पांच दिन तक रुके, जिसके बाद बेस कैंप सुखराम रवाना हुए। सुखराम से आगे दल कैंप एक और कैंप दो के लिए रवाना हुआ। हालांकि खराब मौसम पर्वतारोहियों की राह में बाधा बना और उन्हें कैंप दो से वापस बेस कैंप सुखराम लौटना पड़ा। 18 मई को दल दोबारा कैंप एक के लिए रवाना हुआ, इस दौरान भारी बर्फबारी के बीच जवान बिना रुके चलते रहे। 19 मई को दल के सदस्यों ने रात के समय कैंप वन से ट्रैकिंग शुरू की और लगातार 30 किमी पैदल चले। पूरी रात चलने के बाद पर्वतारोहियों के दल ने 20 मई की सुबह करीब छह बजे माउंट दुर्गाकोट की चोटी को फतह करने में कामयाब हासिल की। 21 मई को दल लौट आया है। 23 मई को दल कर्मी से रानीखेत के लिए प्रस्थान करेगा।
विज्ञापन

डगर नहीं थी आसान, लेकिन बुलंद थे अरमान
बागेश्वर। मजबूत इच्छाशक्ति, लक्ष्य हासिल करने का जुनून और बुलंद इरादे हों तो हर मुश्किल आसान हो जाती है। कुछ ऐसा ही जोश और जज्बा कुमाऊं रेजीमेंट के जवानों ने दिखाया और विपरीत हालातों की परवाह किए बिना मंजिल हासिल की। माउंट दुर्गाकोट को फतह करने निकले दल को भारी बर्फबारी का सामना करना पड़ा। माउंट में चढ़ाई के दौरान करीब 20 स्थानों पर रोपवे लगाकर ट्रैकिंग करनी पड़ी। रात का समय और ग्लेशियर की कठिन चढ़ाई, ऐसे में विपरीत मौसम भी जवानों के हौसलों को डिगा नहीं पाया। एक ओर चढ़ाई और दूसरी ओर बर्फ के बीच बनी छोटी-छोटी खाई, किसी की भी हिम्मत तोड़ने को काफी है लेकिन दलनायक मेजर कपूर की सूझबूझ ने जवानों की मुश्किलों को आसान करने का काम किया। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन

लापता खिलाफ को खोजने का किया प्रयास
बागेश्वर। माउंट दुर्गाकोट जाते समय सेना का दल जब देवीकुंड से होकर गुजरा तो जवानों ने पिछले वर्ष बर्फीले तूफान में फंसकर लापता हुए जांतोली के गाइड खिलाफ सिंह को खोजने का प्रयास भी किया। खिलाफ बंगाली पर्यटकों को लेकर ट्रैक पर गए थे। जवानों को खिलाफ को खोजने में सफलता नहीं मिल सकी। संवाद
चोटी ही नहीं दिल भी जीता जवानों ने
बागेश्वर। सेना के जवानों ने जहां माउंट दुर्गाकोट को फतह कर इतिहास रचा, वहीं अपने मधुर व्यवहार से क्षेत्र के लोगों का दिल भी जीता। दल के साथ गए गाइड स्वरूप सिंह, नारायण सिंह दानू और पोर्टर दीपक दानू ने बताया कि पर्वतारोहियों ने ग्रामीण परिवेश और रहनसहन की जानकारी ली। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक से बात कर उनकी परेशानी समझी और क्षेत्र की विशेषताओं के बारे में भी जाना। दल के साथ आए डॉक्टरों ने जांतोली और रास्ते में पढ़ने वाले गांवों में लोगों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की। इतना ही नहीं दल के लिए लाई दवाइयां भी जरूरतमंदों में बांट दी। संवाद

सेना की सफलता से क्षेत्रवासियों के चेहरे खिले
बागेश्वर। कुमाऊं रेजीमेंट के जवानों की सफलता के बाद क्षेत्र के लोगों को पर्यटन के क्षेत्र में लाभ होने की उम्मीद है। लोगों का कहना है कि इस कामयाबी के बाद सुंदरढूंगा आने वालों की संख्या में इजाफा होगा और क्षेत्रवासियों को रोजगार प्राप्त होगा। गौरतलब है कि कोरोना के चलते पिछले दो वर्षों से ग्लेशियरों की आवाजाही कम हो गई थी। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों की आर्थिक हालत पर इसका सीधा असर पड़ रहा था। अब लोगों में फिर से नई आशा का संचार हुआ है। संवाद

बागेश्वर के सुंदरढूंगा घाटी के माउंट दुर्गाकोट को फतह करने का जश्न मनाते कुमाऊं रेजीमेंट के जवा?

बागेश्वर के सुंदरढूंगा घाटी के माउंट दुर्गाकोट को फतह करने का जश्न मनाते कुमाऊं रेजीमेंट के जवा?- फोटो : BAGESHWAR

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed