फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Bageshwar News ›   Jila Panchayat Meeting

जिपं. सदस्यों पर एएमए को बंधक बनाने का आरोप

Haldwani Bureau हल्द्वानी ब्यूरो
Updated Fri, 21 Oct 2022 11:49 PM IST
विज्ञापन
Jila Panchayat Meeting
जिला पंचायत के बाहर धरने पर बैठीं विपक्षी सदस्य। संवाद - फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। बागेश्वर जिला पंचायत की नियोजन समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में हंगामे के बीच बजट पास हुआ। अपर मुख्य अधिकारी (एएमए), लेखाकार और अन्य अधिकारियों ने कुछ सदस्यों पर बंधक बनाने का आरोप लगाया। वहीं, जिला पंचायत की महिला सदस्यों ने पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाकर कोतवाल के खिलाफ बेमियादी धरना शुरू कर दिया है।
विज्ञापन

जिला पंचायत की बैठक सुबह 11 बजे शुरू हुई। बैठक में विपक्ष की सदस्यों ने बजट में मनमानी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पक्ष और विपक्ष के बीच तनातनी का दौर चलता रहा और बजट को लेकर चर्चा भी होती रही। मामले का हल न निकलता देख अध्यक्ष ने बहुमत से बजट पास करने का निर्णय लिया।
विज्ञापन

जिला पंचायत अध्यक्ष की मानें तो बैठक समाप्त होने के बाद जब वह बाहर को जा रहीं थीं तो विपक्षी सदस्यों ने उनका रास्ता रोका। उनके जाने के बाद एएमए और अन्य को दरवाजा बंद कर बंदी बना लिया, जिसके चलते पुलिस बुलाने की नौबत आई। विपक्षी सदस्यों का आरोप है कि जिला पंचायत में लोकतंत्र की हत्या हुई है। बंदूक की नोक पर बजट पास कराया गया है और सदन में महिला सदस्यों का अपमान किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

विपक्ष की महिला सदस्यों गोपा धपोला, वंदना ऐठानी, रेखा देवी, रूपा कोरंगा, इंद्रा परिहार और पूजा आर्या ने पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाया और बेमियादी धरना शुरू कर दिया। जिपं उपाध्यक्ष नवीन परिहार का कहना है कि महिला सदस्यों के होने के बावजूद महिला पुलिस नहीं आई थी। वहीं महिला सदस्यों का कहना है कि वह एएमए के साथ वार्ता कर रहीं थीं। बाहर शोर अधिक था, जिसके कारण दरवाजा बंद किया गया था। पुलिस ने बिना अनुमति के भीतर प्रवेश किया और महिला सदस्यों को डराने का प्रयास किया गया। एसपी और डीजीपी को तहरीर भेजी जा रही है। जब तक कोतवाल और उनके साथ आए आरक्षी व चालक पर कार्रवाई नहीं होगी धरना जारी रहेगा।
किसने क्या कहा:
महिला सदस्यों को डराने का प्रयास, कोतवाल ने की अभद्रता: गोपा
बागेश्वर। विपक्ष की जिला पंचायत सदस्य गोपा धपोला ने कहा कि सदन में महिला सदस्यों को डराने के लिए पुलिस बुलाई गई। सदन में छह महिलाओं के होने के बावजूद कोतवाल, आरक्षी और चालक वहां आए लेकिन कोई महिला पुलिस नहीं थी। कोतवाल ने महिला सदस्यों से अभद्रता की और उन्हें धमकाया। पुलिस और पुलिस बुलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होने तक धरना जारी रहेगा।
अपनों को दिया जा रहा बजट : परिहार
बागेश्वर। जिपं उपाध्यक्ष नवीन परिहार ने कहा कि जिला पंचायत में पुलिस बुलाकर लोकतंत्र का अपमान किया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष अपने चहेतों को बजट बांट रही है। विपक्ष के सदस्यों की अनदेखी हो रही है। पंचायतीराज अधिनियम में विवेकाधीन बजट का प्रावधान नहीं होने के बावजूद जिपं अध्यक्ष 40 प्रतिशत बजट पर अपना विवेकाधीन हक जता रही हैं। मामले में कोतवाल और उनके साथ आए आरक्षी एवं चालक के खिलाफ तहरीर दी जा रही है। संवाद
पुलिस को जबरन निशाना बनाया जा रहा : कोतवाल
बागेश्वर। कोतवाल केएस नेगी ने कहा कि जिला पंचायत में एएमए और अन्य अधिकारियों को बंधक बनाने की सूचना के बाद वह यहां पहुंचे थे। एसडीएम की ओर से उन्हें आदेश मिला था। कुछ सदस्य दरवाजा बंद कर एएमए के साथ कमरे में थे। उन्हें समझाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने अपना काम किया। हमें जबरन निशाना बनाया जा रहा है। संवाद
पुलिस को शांति व्यवस्था बनाने के लिए भेजा : एसडीएम
बागेश्वर। एसडीएम हरगिरि ने कहा कि जिला पंचायत में अधिकारियों को बंधक बनाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस को वहां शांति व्यवस्था बनाने के लिए भेजा गया। जिला पंचायत में हंगामा चल रहा था। ऐसे में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाने की जिम्मेदारी प्रशासन की थी जिसे देखते हुए पुलिस भेजी गई। संवाद
कोट
विपक्षी सदस्य जिला पंचायत की बैठक में जानबूझकर हंगामा करते हैं। कुछ सदस्य मुझे अध्यक्ष मानना ही नहीं चाहते और मुझे निशाना बनाने के लिए जिले के विकास को प्रभावित कर रहे हैं। सभी सदस्यों से आठ अक्तूबर तक प्रस्ताव मांगे गए लेकिन किसी ने प्रस्ताव नहीं दिए। उनके क्षेत्र के प्रस्ताव ग्राम प्रधान और क्षेपं सदस्यों से मिल रहे हैं। सदस्यों का एकमात्र मकसद मुझे परेशान करना है। मैंने तीन साल तक नियमों के तहत कार्य किया है, आगे भी नियम के तहत ही काम होगा।
बसंती देव, जिला पंचायत अध्यक्ष बागेश्वर
कोट
जिला पंचायत सदस्यों की ओर से पुलिस पर लगाए गए अभद्रता के आरोप की जांच की जाएगी। घटनास्थल की कुछ वीडियो भी बनाई गई हैं, उनका निरीक्षण भी किया जाएगा।
-अमित श्रीवास्तव, एसपी बागेश्वर।
नौ करोड़ का बजट पास
बागेश्वर। जिला पंचायत की नियोजन समिति की बैठक में हंगामे के बीच बहुमत से नौ करोड़ एक लाख रुपये का बजट पास किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक शुरू होने के बाद से ही विपक्षी सदस्यों ने जिपं अध्यक्ष पर उनके क्षेत्रों की अनदेखी करने और अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने का मुद्दा छेड़ते हुए हंगामा शुरू कर दिया। एक ओर जिपं अध्यक्ष का कहना था कि सभी सदस्यों से प्रस्ताव मांगे गए थे लेकिन उन्होंने अपने प्रस्ताव दिए ही नहीं, वहीं दूसरी ओर विपक्षी सदस्यों का आरोप था कि अध्यक्ष अपनी मनमानी कर रही हैं और अपने चहेतों को लाभ पहुंचा रहीं हैं। बैठक में काफी हंगामा होने के बाद जिपं अध्यक्ष ने बहुमत के आधार पर बजट पारित कर दिया। बैठक का संचालन एएमए राजेश कुमार ने किया। इस मौके पर विपक्षी सदस्यों समेत पूरन गढ़िया, नरेंद्र लाल, चंदन रावत, गोपाल किरमोलिया, जनार्दन लोहनी, सुनीता आर्या आदि मौजूद रहे।

प्रदीप टम्टा ने की डीजीपी से बात
बागेश्वर। जिला पंचायत में पहुंचे कोतवाल पर महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्होंने बिना अनुमति के दरवाजे को धक्का देकर खोला। एक महिला सदस्य चोटिल होते-होते बची। जिला पंचायत सदस्य हरीश ऐठानी ने कहा कि सदन में महिला सदस्यों का अपमान किया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने डीजीपी से बात की है। जब तक दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, विपक्षी सदस्य चुप नहीं बैठेंगे। संवाद

बागेश्वर जिला पंचायत में हंगामा करते सदस्य और मौजूद जिपं अध्यक्ष बसंती देव। संवाद

बागेश्वर जिला पंचायत में हंगामा करते सदस्य और मौजूद जिपं अध्यक्ष बसंती देव। संवाद - फोटो : BAGESHWAR

बागेश्वर जिपं की बैठक के दौरान पहुंची पुलिस। संवाद

बागेश्वर जिपं की बैठक के दौरान पहुंची पुलिस। संवाद - फोटो : BAGESHWAR

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed