कपकोट। कपकोट नगर पंचायत में नियमित नगर फेरी समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता करते हुए ईओ राजदेव जायसी ने बताया कि फेरी वालों को शासन की ओर से पीएम स्वनिधि योजना के तहत दस हजार रुपये का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है जिसके लिए नगर पंचायत में सात फेरी वालों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
ईओ ने बताया कि पूर्व में भी नगर में पीएम स्वनिधि योजना के लिए सर्वे किया गया था लेकिन किसी ने लोन लेने में रुचि नहीं दिखाई थी। उन्होंने सभासदों से अपने-अपने वार्ड में रोजाना फेरी लगाने वालों को योजना की जानकारी देने के लिए कहा। बैठक में मौजूद सभासद तनुज तिरुवा ने फेरी वालों की समस्याओं को भी रखा। इस दौरान नगर पंचायत क्षेत्र के पुल, अस्पताल, ब्लॉक और तहसील परिसर में फेरी व्यवसाय पर रोक लगाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में फड़ व्यवसायी मोहन उपाध्याय, सभासद हेमा देवी, पंकज सिंह मेहता आदि थे।