Bageshwar News: ग्लेशियर रेंज के जंगल में लगी आग, वन संपदा को नुकसान
बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में फायर सीजन से पहले जंगलों में आग लगने से वन संपदा को नुकसान हो रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बागेश्वर जिले के कपकोट में फायर सीजन से पहले ही जंगल धधकने लगे हैं। कपकोट के ग्लेशियर रेंज के जंगल में आग लगने से वन संपदा को नुकसान हो रहा है। भीषण आग से उठ रहे धुएं के कारण पर्यावरण प्रदूषण भी बढ़ रहा है।
पिंडर घाटी के सोराग और वाछम गांव के समीपवर्ती जंगल जल रहे हैं। आबादी के पास के जंगलों में आग लगने से चारा पत्ती, पेड़ और पौधों को नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्लेशियर रेंज के वनों में अमूमन फायर सीजन में भी आग नहीं लगती थी लेकिन इस साल सर्दियां बीतने से पहले ही जंगल जलने लगे हैं। जिस तरह से ग्लेशियर के पास वन क्षेत्र में आग लग रही है उससे क्षेत्र के प्रसिद्ध ग्लेशियरों को भी नुकसान होने की आशंका है। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग की टीम आग काबू करने के लिए रवाना हो गई है। उप वन क्षेत्राधिकारी आईडी कांडपाल ने बताया कि आरक्षित वन के बाहर सिविल भूमि में आग लगने की सूचना मिली है। विभागीय कर्मचारियों को मौके पर भेज दिया गया है। कर्मचारी आग को काबू करने के साथ-साथ ग्रामीणों को भी खरपतवार, सूखी घास आदि अपनी नाप भूमि में जलाते या नष्ट करते समय सावधानी बरतने के लिए प्रेरित करेंगे।
हुनेरा के जंगल में लगी आग
बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील क्षेत्र के नरग्वाड़ी गांव के हुनेरा तोक में जंगल जल रहे हैं। आग से वन संपदा को नुकसान हो रहा है। आग तेजी से फैलते हुए आबादी की तरफ बढ़ रही है। बृहस्पतिवार की दोपहर से जंगल में आग लगने के कारण क्षेत्र में काफी धुआं फैल गया। ग्रामीणों के अनुसार जिस जंगल में आग लगी है, वहां चीड़ के साथ-साथ बांज, उतीस, बुरांश आदि के पेड़-पौधे हैं। पर्यावरण प्रेमी जगदीश कुनियाल ने कहा कि जिस प्रकार से फायर सीजन से पहले ही जंगल जल रहे हैं वह चिंताजनक है। आग से पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है। एसडीएम वैभव कांडपाल ने बताया कि वन विभाग को आग पर काबू पाने के लिए निर्देशित किया गया है।