बागेश्वर। युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोरोना महामारी के कारण घर लौटे हजारों प्रवासियों को मनरेगा के तहत दो सौ दिनों का रोजगार देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष दर्शन कठायत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बीडीओ आलोक भंडारी को ज्ञापन सौंपा। कहा कि कोरोना काल में कामकाज ठप होने से हजारों प्रवासी घर लौटे हैं। यहां भी काम की कमी होने के कारण प्रवासियों के सामने रोजीरोटी का संकट हो गया है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है। कहा कि मनरेगा के तहत दिया जा रहा सौ दिन का रोजगार प्रवासियों के लिए पर्याप्त नहीं हो पा रहा है। रोजगार के दिनों की संख्या 100 दिन और बढ़ाने से प्रवासियों को काफी हद तक राहत मिल सकती है। उन्होंने मनरेगा के तहत 200 दिन का रोजगार देने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में गोविंद कठायत, कुलदीप मेहता, पंकज कांडपाल, संजय सिंह, नरेंद्र, पवन खड़ाई, गोकुल खेतवाल, निर्मल कठायत, पंकज, दीपक, नरेंद्र कठायत, कमल, रमेश सिंह, गोकुल परिहार, देवेंद्र मेहरा आदि थे।