बागेश्वर। अशासकीय स्कूलों के शिक्षक और कर्मचारियों ने दो महीने से वेतन नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। शिक्षकों ने जल्द वेतन देने की मांग की है।
सोमवार को माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कैलाश अंडोला के नेतृत्व में सीईओ पीके तिवारी के माध्यम से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को ज्ञापन भेजा गया। शिक्षकों और कर्मचारियों ने कहा कि अशासकीय माध्यमिक, जूनियर और संबद्ध प्राथमिक स्कूूूलों के शिक्षक और कर्मचारियों को दो माह का वेतन नहीं मिला है। निदेशालय से वेतन बजट की मांग के लिए पत्रावली शासन को भेजी गई थी, जिस पर वित्त विभाग कई बार आपत्तियां लगा चुका है। अधिकारियों की लापरवाही और गलती के कारण हजारों शिक्षकों को वेतन नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि अशासकीय माध्यमिक, जूनियर और संबद्ध प्राथमिक स्कूलों के लिए बजट जल्द जारी किया जाए और बजट जारी न करने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। वहां जिला महामंत्री प्रकाश कालाकोटी, डॉ. गोपाल जोशी, भगवत खेतवाल, सतीश जोशी, जानकी टाकुली आदि थे। संवाद