Dhanteras 2025: धनतेरस पर बागेश्वर में जाम ने तोड़ी सांसें, गोमती से सरयू पुल तक फंसे वाहन; लोग परेशान
बागेश्वर में धनतेरस के अवसर पर बाजार में भारी भीड़ देखने को मिली। गोमती पुल से लेकर सरयू पुल तक और पिंडारी व कांडा मोटर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें खड़ी रहीं, जिसके चलते एक किलोमीटर का सफर तय करने में भी 15-20 मिनट तक का समय लगा।
विस्तार
बागेश्वर में धनतेरस पर्व पर बाजार में चहल-पहल बढ़ने से पल-पल जाम लगता रहा। गोमती पुल से सरयू पुल तक लंबा जाम लगा। पिंडारी और कांडा मोटर मार्ग भी जाम की गिरफ्त में रहे। जाम के कारण एक किमी के सफर तय करने में वाहन चालकों को 15 से 20 मिनट का समय लगा।
सुबह नौ बजे से ही बाजार में लोगों की आवाजाही बढ़ गई थी। वाहनों की भरमार और गांवों से आए खरीदारों के चलते बाजार की सभी प्रमुख सड़कों पर जाम के हालात बने। रेंगकर चलते हुए वाहनों के बीच से राहगीरों को गुजरने में काफी परेशानी हुई। पुलिस ने पर्व को देखते हुए टैक्सी और भारी वाहनों के नगर में प्रवेश पर रोक लगा दी थी। बावजूद इसके कई टैक्सी, पिकअप वाहन बाजार में धड़ल्ले से प्रवेश करते रहे। यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के साथ होमगार्ड भी तैनात थीं, बावजूद इसके जाम की परेशानी से लोगों को निजात नहीं मिली। शाम तक नगर की अधिकांश सड़कों पर जाम के हालात बनते रहे।
धनतेरस के दिन अचानक बाजार में भीड़ बढ़ने से जाम की समस्या हुई। जाम से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस तैनात की गई थी। बेवजह टैक्सी वाहनों के नगर में प्रवेश करने पर रोक लगाई थी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है।
-अजय साह, सीओ बागेश्वर
