Bageshwar News: 500 फुट गहरी खाई से शव निकालने में लग गए छह घंटे, पिंडर नदी में समा गई थी कार
Bageshwar News: कार हादसे के चारों मृतकों के शव बरामद हो गए हैं। बुधवार की शाम को बदियाकोट से कपकोट की तरफ आते समय कार पिंडर नदी में गिर गई थी। पुलिस चारों के शव जिला अस्पताल लाई। जहां पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं।
विस्तार
कपकोट के तीख में हुए कार हादसे के चारों मृतकों के शव बरामद हो गए हैं। बुधवार की शाम को बदियाकोट से कपकोट की तरफ आते समय कार पिंडर नदी में गिर गई थी। पुलिस चारों के शव जिला अस्पताल लाई। जहां पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं। हादसे के बाद मृतकों के परिजन शोकाकुल हैं।
बदियाकोट से आ रही कार तीख के समीप अनियंत्रित होकर पिंडर नदी में गिर गई थी। हादसे की सूचना ग्रामीणों ने कपकोट पुलिस को दी। हादसे में तीन लोगों के मरने और एक के लापता होने की प्रारंभिक जानकारी थी। सूचना के बाद कपकोट पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रात करीब साढ़े नौ बजे टीम घटनास्थल पर गई। पुलिस के अनुसार वाहन करीब 500 फुट नीचे पिंडर नदी में गिरा था। टीम ने पहाड़ी से नीचे उतरकर तीन शवों को सड़क तक पहुंचाया। चौथे शव को बृहस्पतिवार को खोजा जा सका। ग्रामीणों के अनुसार मृतक नए साल पर बदियाकोट घूमने आए थे। लौटते समय हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार हादसे में वाहन चालक सुंदर ऐठानी (32) पुत्र स्व. गोविंद ऐठानी, निवासी बमसेरा, ऐठाण, मुन्ना शाही (34) पुत्र मोहन सिंह, निवासी खडगेड़ा, असों, नीलम रावत (30) पत्नी विरेंद्र सिंह, निवासी तिमिलाबगड़ और पूनम पांडेय (30) पत्नी रमेश पांडेय, निवासी बाजड़, सानिउडियार, कांडा की मौत हुई है। हादसे पर क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढि़या, जिपं प्रशासक बसंती देव, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी आदि ने दुख जताया है।
इधर, सीओ अंकित कंडारी ने बताया कि पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम ने ग्रामीणों की मदद से दो महिलाओं और एक पुरुष के शव रात को निकाल लिए थे। अंधेरा अधिक होने और पाला गिरने के कारण चौथा शव रात को नहीं निकाला जा सका। बृहस्पतिवार की सुबह से टीम ने अभियान चलाकर चौथा शव नदी किनारे से बरामद कर सड़क पर पहुंचाया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
तीन मृतक शादीशुदा, एक अविवाहित
सड़क हादसे में जान गंवाने वाली दो महिलाएं और एक पुरुष शादीशुदा थे, जबकि एक युवक अविवाहित है। मृतक पूनम पांडेय जिला मुख्यालय के मंडलसेरा में रहती थी। उसके दो बच्चे हैं। नीलम रावत के भी दो बच्चे हैं। मुन्ना शाही भी शादीशुदा था। चालक सुंदर ऐठानी की अब तक शादी नहीं हुई थी।
तेज आवाज हुई और हवा में उड़ने लगी कार
तीख में हुआ सड़क हादसा काफी भयावह था। हादसे में मरने वालों के शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिले। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहाड़ी से नीचे का मंजर काफी भयावह था। इसे कई दिनों तक भुलाना मुश्किल होगा।
बुधवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे बदियाकोट के पटाक गांव निवासी जोध सिंह दानू अपने घर के आंगन में थे। इसी दौरान उन्होंने ठीक सामने सड़क से तेज आवाज सुनी। उन्होंने सामने देखा तो एक कार हवा में उड़ती दिखाई दी। उन्होंने तत्काल इसकी फोन से इसकी सूचना तीख और बदियाकोट के ग्रामीणों को दी। जोध सिंह बताते हैं कि उन्होंने पहली बार इस तरह से कार को हवा में उड़ते हुए देखा। बताया कि कुछ देर पहले ही कार उनके गांव के समीप से गुजरी थी। कार में जोर से संगीत बज रहा था। जोध सिंह से मिली सूचना के बाद तीख निवासी गंगा सिंह सबसे पहले मौके पर पहुंचे। गंगा सिंह बताते हैं कि कार पहले एक पत्थर से टकराई, जिसके बाद पैरापिट के ऊपरी हिस्से को तोड़ती हुई नीचे गिरी। सड़क से गिरी कार सीधे पहाड़ी पर एक पेड़ से टकराई। पेड़ पर यात्रियों की टोपी और अन्य कपड़े भी लटके थे। यहां से कार नीचे पत्थरों पर लुढ़कते हुए पिंडर नदी में गिर गई।
संभवत: पेड़ से टकराते समय तीन यात्री गाड़ी से छिटक गए थे। गंगा सिंह ने मौके से ग्रामीणों को फोन किया। हादसे की सूचना मिलने के बाद तीख, डौला, उंगिया और बदियाकोट के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सात-आठ युवाओं को तत्काल नीचे उतारा गया, ताकि कोई जिंदा हो तो उसे बाहर निकाला जा सके। युवाओं ने ऊपर आकर तीन लोगों के पत्थरों के बीच पड़े होने की सूचना दी। फिर ग्रामीणों ने पुलिस के आने का इंतजार किया। पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम के मौके पर पहुुंचने के बाद ग्रामीणों ने शव निकालने में भी मदद की। गंगा सिंह ने बताया कि रात को करीब साढ़े तीन बजे तीनों के शव सड़क पर लाए गए।