{"_id":"6992092a17b0ea1fea0b4055","slug":"a-wave-of-faith-surged-in-baijnath-bageshwar-news-c-231-1-bgs1001-122372-2026-02-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bageshwar News: बैजनाथ में उमड़ा आस्था का सैलाब","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bageshwar News: बैजनाथ में उमड़ा आस्था का सैलाब
विज्ञापन
विज्ञापन
कांडा/गरुड़/ कपकोट (बागेश्वर)। महाशिवरात्रि पर कपकोट, गरुड़ और कांडा क्षेत्र के मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें नजर आईं। बैजनाथ धाम में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और माता पार्वती का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की मन्नत मांगी।
गरुड़ के ऐतिहासिक बैजनाथ धाम में सुबह पांच बजे से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। भक्तों ने कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र अर्पित किए। कपकोट तहसील परिसर के शिव मंदिर, तप्तकुंड सौंग, मंजुआ टॉप कर्मी स्थित महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कांडा क्षेत्र के प्रसिद्ध गोपेश्वर महादेव मंदिर धपोलासेरा और रावतसेरा के टोपेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ डटी रही। गोपेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक शिव पुराण का श्रवण भी किया। महोली स्थित शिव मंदिर में भी भक्तों का तांता लगा रहा। गोपेश्वर मंदिर परिसर में क्षेत्रीय होल्यारों ने पारंपरिक होली गायन किया जिससे माहौल और भी खुशनुमा हो गया। इसके अलावा प्रकटेश्वर, दिव्येश्वरी, कार्तिकेश्वर, जौसर महादेव, पिंगलेश्वर, कपिलेश्वर और चक्रवृतेश्वर मंदिरों में भी जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। कौसानी के पिंग्लेश्वर मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की। संवाद
विज्ञापन