{"_id":"6991f951c3b90ae99005f57f","slug":"a-wave-of-faith-surged-in-bagnath-dham-the-city-of-shiva-echoed-with-chants-of-har-har-mahadev-2026-02-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"Mahashivratri 2026: बागनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजी शिव की नगरी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Mahashivratri 2026: बागनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजी शिव की नगरी
Sun, 15 Feb 2026 10:20 PM IST
गायत्री जोशी
संवाद न्यूज एजेंसी
संवाद न्यूज एजेंसी
Published by: गायत्री जोशी
Updated Sun, 15 Feb 2026 10:20 PM IST
सार
महाशिवरात्रि पर बागनाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ा। सरयू-गोमती संगम से लेकर मंदिर परिसर तक दिनभर गूंजते रहे हर-हर महादेव के जयकारे
विज्ञापन
बागेश्वर के बागनाथ मंदिर में लगी भीड़।
- फोटो : संवाद
विस्तार
बागेश्वर में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जिले के शिवालयों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। ऐतिहासिक बागनाथ मंदिर में को तड़के से ही श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। कड़ाके की ठंड के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी और सुबह तीन बजे से ही सरयू-गोमती के संगम पर स्नान के बाद पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। दिन भर मंदिर परिसर बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान रहा।
विज्ञापन
भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। सुबह तीन बजे से ही दर्शन के लिए लंबी-लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गई थीं। जैसे-जैसे सूरज की तपिश बढ़ी, दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती गई। भक्तों ने धैर्य के साथ अपनी बारी का इंतजार किया और शिवलिंग पर दूध, जल, बेलपत्र व फूल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में बैठे पंडित-पुरोहितों के पास भी खासी भीड़ रही। भक्तों ने परिवार के सौभाग्य के लिए विशेष संकल्प, पाठ और रुद्राभिषेक संपन्न कराए।
विज्ञापन
पंडित कैलाश उपाध्याय ने बताया कि महाशिवरात्रि पर भगवान शिव की सच्चे मन से की गई पूजा सभी मनोकामनाओं को पूर्ण करने वाली होती है। मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नंदन सिंह रावल ने जानकारी दी कि शाम तक लगभग पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बागनाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में वरिष्ठ नागरिक कल्याण न्यास और कांडपाल परिवार की ओर से आयोजित खीर भंडारे का आनंद लिया। न्यास के स्वयंसेवकों ने सेवा भाव के साथ भक्तों को प्रसाद वितरित किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिससे इतनी भारी भीड़ के बावजूद दर्शन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
विज्ञापन