Almora News: पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को बताया सब्जी, काम नहीं आई चालाकी; चचेरे-तहेरे भाई गिरफ्तार
मौलेखाल में लाखों के गांजे के साथ चचेरे-तहेरे भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से लाखों रुपये कीमत का 16.895 किलो गांजा बरामद हुआ है।
विस्तार
अल्मोड़ा जिले के मौलेखाल में नशे के धंधे में लिप्त चचेरे-तहेरे दो भाइयों की चालाकी काम नहीं आई और दोनों पकड़े गए। उन्होंने पिकअप में रखे कट्टों में सब्जी बताकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश की लेकिन पुलिस की सतर्कता से दोनों गिरफ्तार हो गए। उनके कब्जे से लाखों रुपये कीमत का 16.895 किलो गांजा बरामद हुआ है।
मामला जिले के सल्ट थाना क्षेत्र का है। रविवार को थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चिमटाखाल सड़क पर मरचूला के पास चेकिंग की तो पिकअप की भी चेकिंग हुई। पिकअप चालक विशाल सिंह और परिचालक भूरे से पायदान के पास रखे कट्टों के बारे में पूछताछ की। उन्होंने कट्टों में सब्जी बताकर पुलिस से बचने की कोशिश की लेकिन शक होने पर पुलिस ने दोनों कट्टों को खुलवाकर देखा तो उनमें 16.895 किलो गांजा मिला।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों विशाल सिंह (22 वर्ष) और भूरे (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर थाना सल्ट में उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही की गई। वाहन सीज कर दिया गया।