अल्मोड़ा। उत्तराखंड कांग्रेस मेनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष व विधायक भुवन कापड़ी ने शनिवार को अल्मोड़ा के एक होटल सभागार में आम जनमानस, विभिन्न राजनीतिक, गैर राजनीतिक और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में कांग्रेस के 2027 विधानसभा चुनाव के मेनिफेस्टो को लेकर सुझाव आमंत्रित किए गए और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में नगर और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने शिक्षा, रोजगार, कर्मचारियों की समस्याओं, युवाओं और स्थानीय विकास सहित विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव मेनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष के समक्ष रखे। प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों और अपेक्षाओं को भी प्रमुखता से उठाया। भुवन कापड़ी ने सभी प्रतिनिधियों की बात सुनी और प्राप्त सुझावों को कांग्रेस के आगामी चुनावी घोषणा-पत्र में शामिल करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, राधा बिष्ट, आनंद बगड़वाल, पीतांबर पांडे, गोपाल चौहान, शोभा जोशी मौजूद रहीं।