चौबटिया गार्डन में भी गहराया संकट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रानीखेत (अल्मोड़ा)। पर्यटन नगरी सहित पूरे क्षेत्र में पानी का संकट खड़ा हो गया है। विश्व विख्यात चौबटिया गार्डन में स्रोतों का जल स्तर घटने से स्थानीय लोगों के हलक सूख रहे हैं। गार्डन में पेड़-पौधों के लिए भी पानी नसीब नहीं हो पा रहा है। नगर के लिए बनी देवीढुंगा पेयजल योजना का स्रोत घटने से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है, जबकि ताड़ीखेत क्षेत्र में भी समस्या और विकराल हो चुकी है। लोग पारंपरिक स्रोतों से बमुश्किल आपूर्ति कर रहे हैं। चौबटिया का विश्वविख्यात उद्यान गार्डन के पारंपरिक स्रोत सूखने से वहां रहने वाले कर्मचारियों के सम्मुख पानी की समस्या खड़ी हो गई है।
बताया गया है कि गार्डन में दो स्रोत हैं, उन्हीं स्रोतों से सिंचाई और पेयजल की आपूर्ति होती है, लेकिन पिछले लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण स्रोतों का जल स्तर घट चुका है। कर्मचारियों के परिवार रतजगा कर पानी की व्यवस्था करने पर विवश हैं। इधर शहर की प्यास बुझाने वाली एकमात्र देवीढुंगा पेयजल योजना के स्रोत का जल स्तर आधे से अधिक गिर चुका है। जिसके चलते लोगों को पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। लोगों का अधिकांश वक्त पानी जुटाने पर व्यतीत हो रहा है। ताड़ीखेत क्षेत्र में भी पानी की भारी किल्लत चल रही है। यहां ताड़ीखेत-गगास पेयजल पंपिंग योजना से आपूर्ति होती है, लेकिन पिछले कुछ समय से आपूर्ति नहीं हो पा रही है। हालांकि जल संस्थान ने आपूर्ति के लिए टैंकरों की व्यवस्था भी की है।