द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। सल्ट तहसील का बहुचर्चित अनुसूचित जाति के दूल्हे को घोड़ी से उतारने के प्रयास के प्रकरण में उत्तराखंड मूल निवासी संघ द्वाराहाट शाखा के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के नाम का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग उठाई।
पिछले दिनों सल्ट में अनुसूचित जाति के दूल्हे को घोड़ी से उतारने के प्रयास का मामला सामने आया था। मामले में कुछ लोगों पर केस दर्ज कर इसकी जांच रेगुलर पुलिस को सौंपी गई है। मूल निवासी संघ ने द्वाराहाट में एसडीएम जय वर्धन शर्मा से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतकर्ता दर्शन लाल और उनके परिवार पर कुछ ग्रामीण समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं। वहां पर मूल निवासी संघ के उपाध्यक्ष गणेश आर्य, सभासद प्रमोद कुमार, नवल किशोर आर्य, धीरज आर्य, एनके आर्य, प्यारे लाल, पूजाखेत प्रधान कृष्ण कुमार, सीपी टम्टा, तारा आर्य थे।