जिले के विकास को 63 करोड़ 55 लाख का बजट अनुमोदित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अल्मोड़ा। प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य और अल्मोड़ा जिले के प्रभारी मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में हुई जिला नियोजन और अनुश्रवण समिति की बैठक में अल्मोड़ा जिले का 2016-17 के लिए 63 करोड़ 55 लाख रुपये का बजट अनुमोदित किया गया। प्रभारी मंत्री ने कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही पानी का संकट दूर करने और स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के चयन और निर्माण में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता अवश्य होनी चाहिए।
प्रभारी मंत्री ने मुख्य चिकित्साधिकारी डा.आरसी पंत से स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त करने के लिए वेंटिलेटर सहित अन्य जरूरी उपकरणों के लिए प्रस्ताव शीघ्र भेजने को कहा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सचल वाहन के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इस वाहन में विशेषज्ञ डाक्टर भी मौजूद रहेंगे। प्रभारी मंत्री ने क्षतिग्रस्त सड़कों को शीघ्र दुरुस्त करने और पेयजल संकट से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। साथ ही उन्होंने भवनों के निर्माण में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लागू करने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि पिछले साल करीब 50 करोड़ रुपये वास्तविक व्यय हुआ और यही धनराशि विभागों में आवंटित की गई थी। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान देने को कहा। विधायक मनोज तिवारी, सल्ट के विधायक सुरेंद्र सिंह जीना, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, सांसद प्रतिनिधि रमेश बहुगुणा, विधायक प्रतिनिधि धन सिंह रावत समेत जिला योजना में नामित सभी सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं। विधायक मनोज तिवारी ने पेयजल व्यवस्था को बनाए रखने के लिए शासन स्तर पर लंबित नौ करोड़ के बजट को स्वीकृत करने की बात रखी।
विधायक सुरेंद्र सिंह जीना ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में बजट का आवंटन समान रूप से हो इसका ध्यान रखा जाए। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने जिला चिकित्सालय में वेंटिलेटर की व्यवस्था करने, सीवर लाइन के अधूरे काम को पूरा करने, जिला योजना में पालिका क्षेत्र के पार्कों के र्सुंदरीकरण करने के लिए बजट का प्रावधान करने की बात कही। जिला योजना के सदस्यों ने कहा कि जो भी योजनाएं तैयार की जाएं उसमें उनकी राय भी ली जाए।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि सदस्यों के महत्वपूर्ण सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती महरा, एसएसपी केएस नगन्याल, मोहन सिंह मेहरा, जलागम प्रबंधन के उपाध्यक्ष दिनेश कुंजवाल, सीडीओ प्रकाश चंद्र, परियोजना निदेशक डीडी पंत, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, अर्थ और संख्या उपनिदेशक इला पंत बिष्ट समेत जिला योजना समिति के सदस्य और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
अल्मोड़ा। जिला नियोजन और अनुश्रवण समिति द्वारा जिले के लिए 2016-17 के लिए 63 करोड़ 55 लाख रुपये अनुमोदित किया गया है। जिनमें जल संस्थान को सबसे अधिक 1306.93 लाख, कृषि विभाग को 101 लाख, पशुपालन को 160 लाख, दुग्ध 114.48 लाख, सहकारिता 134.50 लाख, सामुदायिक विकास 161.63 लाख, राजकीय सिंचाई 454.60 लाख, उरेडा 200 लाख, क्षेत्रीय पर्यटन 135 लाख, माध्यमिक शिक्षा 650.01 लाख, क्रीड़ा विभाग 235 लाख, प्रांतीय रक्षक दल 231.80 लाख, स्वास्थ्य 250 लाख, पेयजल 625 लाख, लोनिवि 800 लाख, पूल्ड हाउस के लिए 237.97 लाख रुपये का बजट अनुमोदित किया गया।