Almora: बच्चों-गर्भवतियों के टीकाकरण की जानकारी अब पोर्टल पर होगी दर्ज, तुरंत मिलेगा डिजिटल प्रमाण पत्र
अब गर्भवतियों और बच्चों के टीकाकरण संबंधी हर जानकारी पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज होगी। उन्हें टीकाकरण के तुरंत बाद डिजिटल प्रमाण पत्र मिलेगा।
विस्तार
अब गर्भवतियों और बच्चों के टीकाकरण संबंधी हर जानकारी पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज होगी। उन्हें टीकाकरण के तुरंत बाद डिजिटल प्रमाण पत्र मिलेगा। वे अपने मोबाइल पर टीका लगाने और लगने की भावी तारीख की जानकारी पोर्टल के जरिए जान सकेंगे। खासियत यह है कि पोर्टल के जरिए गर्भवतियां देश के किसी भी हिस्से में अपना टीकाकरण कर सकेंगीं और संबंधित केंद्र के स्वास्थ्य कर्मियों को उनके टीकाकरण संबंधी हर जानकारी प्राप्त होगी।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब यू विन एप पर बच्चों और गर्भवतियों के टीकाकरण की जानकारी दर्ज होगी। टीकाकरण का अपडेट संबंधित गर्भवती या मां अपने मोबाइल पर ही देख सकेंगी। अलग-अलग अंतराल में लगने वाले टीकों की हर जानकारी इस पर दर्ज की जाएगी। गर्भवतियों और बच्चों को भविष्य में लगने वाले टीकों की जानकारी और तारीख भी एप पर दर्ज होगी। इससे वे देश के किसी भी हिस्से में टीकाकरण कर सकेंगे। एप के जरिए हर गर्भवती महिला का पंजीकरण, टीकाकरण और प्रसव समय, नवजात शिशु के जन्म का पंजीकरण और टीकाकरण का रिकॉर्ड ऑनलाइन रखा जाएगा।
यू-विन पोर्टल का लाभ
यू विन पोर्टल पर गर्भवतियों और बच्चों के टीकाकरण का डाटा एक साथ एक ही जगह पर उपलब्ध होगा।
यू विन पोर्टल का कैसे करें उपयोग
मोबाइल में यू विन एप को आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है। एप डाउनलोड करने के बाद मोबाइल नंबर का पंजीकरण कराना होगा। नाम, पता, आधार नंबर आदि जानकारी दर्ज करने के बाद टीकाकरण की पूरी जानकारी उपलब्ध होगी।
गर्भवतियों व बच्चों के टीकाकरण अभियान को बेहतर बनाने के लिए यू विन पोर्टल की सुविधा दी गई है। पोर्टल के माध्यम से टीकाकरण की हर जानकारी मिल सकेगी।