अल्मोड़ा। होटल इंडस्ट्री और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नगर के लोधिया में निर्माणाधीन फूड एंड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट (एफसीआई) का निर्माण कार्य निर्धारित समय के पांच साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। जनवरी 2013 में शुरू हुआ यह कार्य 2015 में पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन सरकार से समय पर बजट अवमुक्त न होने से यह कार्य अधूरा है। इससे संस्थान की लागत 9.06 करोड़ से बढ़कर 11.56 करोड़ हो गई है।
क्षेत्र में होटल और पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए तत्कालीन सरकार ने यह तकनीकी संस्थान स्वीकृत किया था। संस्थान खोलने का उद्देश्य युवाओं को प्रशिक्षण देकर उनके लिए स्थानीय स्तर समेत देश और विदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाना था। 9.06 करोड़ लागत के एफसीआई के भवन निर्माण के लिए सरकार ने फरवरी 2012 में पहली किश्त के रूप में दो करोड़ रुपये अवमुक्त किए। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सरकार ने उत्तराखंड राज्य अवस्थापना विकास निगम लिमिटेड को निर्माण एजेंसी नामित किया। जनवरी 2013 में संस्थान के भवन का निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन सरकार से समय पर पैसा अवमुक्त न होने के कारण भवन का निर्माण धीमी गति से चल रहा है। कुल बजट 9.06 करोड़ के सापेक्ष निर्माण एजेंसी को आठ करोड़ रुपये ही अवमुक्त हुए हैं। मुख्य भवन की दो मंजिल बन गई हैं। तीसरे मंजिल समेत चहारदीवारी, संपर्क मार्ग, बिजली फिटिंग समेत कई कार्य बचे हैं। पिछले डेढ़ साल से भुगतान नहीं मिला है। निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर गंभीर सिंह ने बताया कि भवन की लागत भी बढ़ गई है। 2017 में कुल 11.56 करोड़ का संशोधित आगणन शासन को भेजा गया है। बजट अवमुक्त होने के बाद ही संस्थान भवन का निर्माण कार्य पूरा हो सकेगा।