फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Almora News ›   Five teachers will be compulsory in primary schools

प्राइमरी स्कूलों में अब अनिवार्य होंगे पांच शिक्षक

Haldwani Bureau हल्द्वानी ब्यूरो
Updated Sun, 28 Feb 2021 10:59 PM IST
विज्ञापन
Five teachers will be compulsory in primary schools
शीतलापुष्कर मैदान में सीएम का स्वागत करते विधायक और अन्य पदाधिकारी। संवाद न्यूज एजेंसी - फोटो : RANIKHET
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्राथमिक विद्यालयों में अब पांच शिक्षक अनिवार्य रूप से तैनात होंगे। वहीं, कम छात्र संख्या वाले दूरस्थ विद्यालयों के बच्चों को नजदीकी स्कूलों में मर्ज किया जाएगा तथा दूरदराज के बच्चों को विद्यालय लाने और उन्हें घर छोड़ने के लिए सरकार वाहनों की व्यवस्था करेगी। सीएम ने कहा कि सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चौखुटिया हवाई पट्टी और तड़ागताल झील का विकास किया जाएगा और आने वाले समय में ये पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री रविवार को द्वाराहाट के शीतलापुष्कर मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। द्वाराहाट पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने यहां चौराहे पर त्रिमूर्ति पर माल्यार्पण भी किया। इससे पूर्व शीतला पुष्कर मैदान तक मुख्यमंत्री का ढोल नगाड़ों और फूल मालाओं से स्वागत किया गया।
विज्ञापन

घस्यारी योजना से आएगा महिलाओं के जीवन स्तर में बदलाव
द्वाराहाट। शीतलापुष्कर मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य के विकास के लिए सरकार कोई कमी नहीं कर रही है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र को बेहतर बनाने का कार्य हो रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री घस्यारी योजना का शुभारंभ किया गया है। इसके तहत महिलाओ को अब जंगल से सिर पर घास की गठरी नहीं लानी पड़ेगी। इससे महिलाओं की आर्थिकी और जीवन स्तर में भी बदलाव आएगा।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन धीरेंद्र मठपाल, विनोद भट्ट ने किया। यहां चाय विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष गोविंद पिल्खवाल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ज्योति साह मिश्रा, जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, भाजुयमो प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार कैलाश पंत, अध्यक्ष रार्ष्र्टीय ग्रामीण स्वास्थ्य सलाहकार अनुश्रवण समिति के मोहन सिंह मेहरा, नगर पंचायत अध्यक्ष मुकुल साह, सदस्य राज्य पलायन आयोग अनिल, केसीडीएफ के अध्यक्ष भूपेंद्र कांडपाल आदि थे।
-
विकास कार्यों के लिए सीएम का नागरिक अभिनंदन
द्वाराहाट। विधानसभा क्षेत्र में की गईं घोषणाएं 90 प्रतिशत तक पूरी होने पर विधायक महेश नेगी ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत का विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से अभिनंदन किया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में कई विकास के कार्य शीघ्र पूरे होंगे। कहा कि क्षेत्र में लगभग एक हजार करोड़ के विकास कार्य हो चुके है। कोई भी गांव सड़क से वंचित नहीं रहेगा। सीएम ने कहा कि राज्य में 11 हजार किमी से अधिक सड़कों का निर्माण किया गया है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में 2200 से अधिक डाक्टर की तैनाती के साथ 765 चिकित्सक, 2500 नर्सों की भर्ती की प्रक्रिया गतिमान है। पांच सौ विद्यालयों को वर्चुअल क्लासों से जोड़ दिया गया है। 600 विद्यालयों में यह प्रक्रिया गतिमान है, जिससे आने वाले समय में कुछ अच्छे सुधार देखने को मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गैरसैंण में 110 करोड़ की लागत से झील बनाकर वहां पानी की समस्या का निराकरण किया जा रहा है। यहां महामंत्री प्रेम शर्मा, महेश नयाल, कैलाश भट्ट, महिला मोर्चा अध्यक्ष ममता भट्ट आदि भी मौजूद रहे।
हरेले के दिन प्रदेश स्तर होगा पौधरोपण
ऐपण बनाने वालों के लिए किया जाएगा पांच करोड़ के बजट का प्रावधान
द्वाराहाट। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि हरियाली का प्रतीक हरेला पर्व के दिन पूरे प्रदेश के लोग एक पौधा अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष हरेले के दिन एक साथ पूरे प्रदेश में वृहद रूप से पौधरोपण किया जाएगा। कहा कि ऐपण कला को देश-विदेश तक पहचान दिलाई जाएगी। इस साल ऐपण हस्तशिल्प का कार्य करने वाले लोगों के लिए पांच करोड़ रुपये का बजट का प्रावधान किया जाएगा। ऐपण आदि सामग्रियों के विपणन के लिए देहरादून में विश्वस्तरीय सेंट्रल ऑफ एक्सीलेंस इंपोरियम बनाया जा रहा है। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न प्रदान किए। इस दौरान कुमाऊं आयुक्त अरविंद ह्यांकी, आईजी अजय रौतेला, डीएम नितिन भदौरिया, एसएसपी पंकज भट्ट, ममता भट्ट आदि थे।
प्राधिकरण की दिक्कतों को किया जा रहा दूर
द्वाराहाट। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला विकास प्राधिकरण की दिक्कतों को दूर किया जा रहा है। फिलहाल इसे स्थगित किया गया है।
पत्रकारों से संक्षिप्त वार्ता में सीएम ने नए जिलों के गठन के सवाल पर कहा कि फिलहाल नए जिलों के गठन की कोई योजना नहीं है। सरकार का पूरा फोकस विकास कार्यों पर है। कहा कि गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाया गया है, इसका लाभ चौखुटिया और द्वाराहाट क्षेत्र को मिलेगा।
सीएम को सौंपा मांगपत्र
विधायक माहरा, महिला आयोग उपाध्यक्ष सहित तमाम लोगों ने सीएम को सौंपे ज्ञापन
रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत क्षेत्र के भ्रमण पर पहुंचे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत को क्षेत्रीय समस्याओं से संबंधित ज्ञापनों के पुलिंदे सौंपे गए। विधायक करन माहरा ने सीएम से मुलाकात की और उद्यान निदेशालय को किसी भी हालत में अन्यत्र शिफ्ट नहीं करने को कहा। उन्होंने गोल्फ मैदान को नियमित नागरिकों के लिए खुलवाने, रानीखेत कैंट की सिविल एरिया को नगर पालिका चिलियानौला में मिलाने, पालिका में स्थायी ईओ की नियुक्ति करने, खेल स्टेडियम के शासनादेश को रिवाइज करने सहित तमाम मांगें उठाईं। ब्लाक प्रमुख हीरा रावत ने रानीखेत अस्पताल में फिजिशियन नियुक्त करने, अम्याड़ी-गंगोड़ा-कुणकोली सड़क में डामरीकरण करवाने, किलकोट-एरोली मार्ग का निर्माण करने की मांग उठाई। महिला आयोग उपाध्यक्ष ज्योति साह मिश्रा ने सल्ट के क्षतिग्रस्त प्रावि खटोली का पुनर्निर्माण करने, देवलथल पिथौरागढ़ में तेंदुए के हमले में मारी गई सीमा देवी के अनाथ परिवार को मुआवजा देने आदि की मांग की। इसके अलावा चतुर्थ वर्गीय राज्य कर्मचारी महासंघ की शाखा ने ग्राम विकास विभाग में कार्मिकों को समूह ग में पदोन्नति देने की मांग उठाई। अध्यक्ष प्रकाश चंद्र, महामंत्री आनंद नेगी ने ज्ञापन सौंपा। (संवाद)
सीएम ने हैड़ाखान मंदिर में टेका मत्था
रानीखेत (अल्मोड़ा)। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने चिलियानौला स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा हैड़ाखान मंदिर में पूजा अर्चना कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। वह यहां पूजा करने वाले प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री हैं। इससे पहले रविवार को द्वाराहाट रवाना होने से पहले मंदिर पहुंचे सीएम का हैड़ाखंडी ट्रस्ट के लोगों ने स्वागत किया।
बाबा हैड़ाखान के भक्त उन्हें भगवान शिव का अवतार मानते हैं। बाबा के भक्त देश ही नहीं विदेशों में भी हैं। रविवार की सुबह सीएम त्रिवेंद्र रावत मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा अर्चना कर पूरे प्रदेश और देश की खुशहाली की कामना की। यहां हैड़ाखंडी समाज के सचिव संजीव सरना, सलाहकार सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट मनोज गोरकेला, सलाहकार कर्नल बीएस राणा, निदेशक डा. विजयशील उपाध्याय, जीवन चंद्र जोशी, जीवन कुवार्बी, अनिल जोशी आदि ने उनका स्वागत किया। चिलियानौला नगरपालिका अध्यक्ष कल्पना देवी, सभासद अरुण रावत, कमला देवी आदि ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर चाय बोर्ड उपाध्यक्ष गोविंद पिलख्वाल, अध्यक्ष आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति कैलाश पंत, भाजपा जिला अध्यक्ष रवि रौतेला, उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग ज्योति साह, महामंत्री प्रेम शर्मा, ललित लटवाल, आयुक्त कुमाऊं मंडल अरविंद सिंह ह्यांकी, डीआईजी कुमाऊं अजय रौतेला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट, संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडे सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
सीएम का विरोध कर रहे कांग्रेसी गिरफ्तार
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरे क्षेत्रीय विधायक महेश नेगी का डीएनए टेस्ट कराने की मांग और बेतहाशा बढ़ती महंगाई के विरोध में घटगाड़ पर विरोध प्रदर्शन कर रहे विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूर्व विधायक मदन बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस के साथ इस दौरान झड़प भी हुई। इस दौरान सीएम का विरोध करने और उन्हें काले झंडे दिखाने की योजना थी, लेकिन पुलिस ने पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर नजरबंद कर दिया।
सीएम त्रिवेंद्र रावत के कार्यक्रम को देखते हुए सुबह से ही कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व विधायक मदन बिष्ट के नेतृत्व में घटगाड़ पर एकत्रित हो गए। उनके हाथों में आरोपी विधायक की डीएनए जांच कराओ, पेट्रोल डीजल के दाम घटाओ की पट्टिकाएं और काले झंडे थे। भनक लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प भी हुई। पूर्व विधायक मदन बिष्ट ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा खोखली हो गई है। यौन उत्पीड़न के आरोपी विधायक के साथ मुख्यमंत्री और प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष मंच साझा कर रहे हैं।

प्रोटोकॉल को भी भाजपा नेताओं ने तार-तार कर दिया है। उन्होंने कहा कि महंगाई के वार से जनता परेशान है लेकिन भाजपा की डबल इंजन सरकार को इससे कोई सरोकार नहीं है। इस दौरान कार्यकर्ता नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन करते रहे। पुलिस ने पूर्व विधायक मदन बिष्ट सहित तमाम कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया और पांच घंटे तक नजरबंद कर दिया। बाद में मुख्यमंत्री जब गैरसैंण के लिए रवाना हुए तो उन्हें छोड़ दिया गया। वहां ब्लाक अध्यक्ष डिगर सिंह, ब्लाक प्रमुख दीपक किरौला, नारायण रावत, निर्मल मठपाल, हेम मठपाल, प्रताप रावत, प्रकाश अधिकारी, कैलाश भट्ट आदि थे।

सभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत। संवाद न्यूज एजेंसी

सभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत। संवाद न्यूज एजेंसी- फोटो : RANIKHET

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed