गरुड़ (बागेश्वर)। शीतकालीन पर्यटक सीजन नजदीक है। कौसानी-बैजनाथ मोटर मार्ग बदहाल है। निर्माण एजेंसी ने बैजनाथ-गरुड़ बाजार के बीच तीन किमी सड़क में जो हॉटमिक्स किया था। वह बारिश से उखड़ गया है।
कौसानी बैजनाथ मोटर मार्ग में हॉटमिक्स और सड़क चौड़ीकरण के लिए केंद्रीय सड़क निधि से 16 करोड़ रुपये शासन ने प्रांतीय खंड लोनिवि को अवमुक्त किए थे। निर्माण एजेंसी वुडहिल ने डेढ़ साल पूर्व सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया था। निर्माण एजेंसी ने कुछ निर्माण कार्य सत्ताधारी पार्टी के 12 से अधिक लोगों को बांट दिया। इन ठेकेदारों ने निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया। लोनिवि ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया। ठेकेदार को छह करोड़ रुपये अग्रिम भुगतान कर दिया। ठेकेदार ने बैजनाथ से गरुड़ बाजार के बीच दो किमी मार्ग में तीन माह पूर्व जो हॉटमिक्स किया था वह उखड़ गया। मोटर मार्ग में जहां भी डामर उखड़ा था, विभाग ने उन गड्ढों को इस बीच मिट्टी और पत्थरों से पाट दिया है। कांग्रेस प्रदेश निर्वाचन समिति के सदस्य रंजीत दास, प्रदेश कांग्रेस के महासचिव बालकृष्ण, रंजीत रावत, भुवन पाठक, संजय फर्स्वाण, लक्ष्मण राम आर्या, प्रकाश कोहली, बबलू नेगी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख भरत फर्स्वाण ने डीएम से निर्माण कार्य की जांच की मांग की है। उन्होंने घटिया निर्माण कार्य के लिए जिले की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या, विधायक चंदन राम दास को जिम्मेदार ठहराया है।