सत्यौं के ग्रामीणों का डीएम, एसएसपी दफ्तर पर प्रदर्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जीआईसी सत्यौं के छात्र राकेश कनवाल की मौत के मामले का खुलासा अब तक नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने डीएम और एसएसपी कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की। इस दौरान ग्रामीणों ने राकेश की मौत के लिए दोषी लोगों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। ग्रामीणों के साथ राकेश के माता-पिता भी पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों का कहना कि राकेश ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने इसे लेकर जिलाधिकारी और एसएसपी को ज्ञापन भी सौंपे। उधर, एसएसपी कार्यालय में प्रदर्शन करने पहुंचे ग्रामीणों की पुलिस से तीखी नोंकझोंक भी हुई।
सोमवार को राकेश की माता को साथ लेकर सत्यौं क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने पहले डीएम कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की। डीएम की अनुपस्थिति में उन्होंने एसडीएम विवेक राय को ज्ञापन सौंपा। उसके बाद सभी लोग नारेबाजी करते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंचे। एसएसपी कार्यालय में तैनात पुलिस कर्मियों ने कुछ लोगों से ही भीतर आने को कहा तो ग्रामीण भड़क गए। इस पर पुलिसकर्मियों से उनकी तीखी नोंकझोंक हो गई। यह देख एसएसपी पी रेणुका देवी ने वहां तैनात पुलिस कर्मियों से सभी लोगों को भीतर आने देने को कहा।
राकेश के माता-पिता और अन्य लोगों का कहना था कि राकेश को कुछ संदिग्ध लोगों ने आग लगाकर मार डाला। उनका आरोप था कि कुछ दिन पहले राकेश का कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था और राकेश ने मृत्यु से पहले कुछ युवकों के नाम भी लिए थे। पुलिस ने आज तक उनसे पूछताछ नहीं की। एसएसपी और डीएम को दिए ज्ञापन में उन्होंने आरोप लगाया कि राकेश 180 मिलीलीटर केरोसिन लेकर आया था। इतने कम तेल से वह 98 प्रतिशत कैसे जल गया। उन्होंने घटना के बाद कमरे को साफ कर सबूत मिटाने का भी आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इस मामले में विद्यालय प्रशासन से पूछताछ करने और घटना की सीबीआई से जांच कराने की मांग की।
मामले की जांच चल रही है और पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल हुई हैं। पुलिस हर कोण से जांच करेगी और राकेश ने जिन युवकों का नाम लिया उनसे भी पूछताछ की जाएगी। एसएसपी पी रेणुका देवी ने कहा कि मामले का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।