फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Almora News ›   Cultural programme in district.

जागेश्वर में बनेगा संस्कृति विश्वविद्यालय : सीएम

Wed, 16 Jul 2025 11:41 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अल्मोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी, अल्मोड़ा Updated Wed, 16 Jul 2025 11:41 PM IST
विज्ञापन
Cultural programme in district.
जागेश्वर धाम में पूजा अर्चना करते केंद्रीय सड़क राज्यमंत्री और अन्य लोग। स्रोत: सूचना
अल्मोड़ा। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार जागेश्वर में संस्कृत विश्वविद्यालय बनाने की योजना पर कार्य कर रही है। प्रथम चरण में भूमि आवंटन के साथ-साथ निविदा लगाने का कार्य कर रही है। विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद संस्कृति का संरक्षण होगा। सीएम ने ये बातें श्रावणी मेले के शुभारंभ के मौके पर वर्चुअली लोगों को संबोधित करते हुए कही।
विज्ञापन

अल्मोड़ा जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जागेश्वर धाम आने के बाद पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रधानमंत्री जिन भी स्थानों पर जाते हैं वहां धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ अन्य पर्यटन गतिविधियां बढ़ती हैं। वर्तमान में जागेश्वर धाम में प्रतिवर्ष 10 से 12 लाख लोग पहुंच रहे हैं। मास्टर प्लान के तहत जागेश्वर के विकसित होने के बाद यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं को सारी सुविधाएं मिलेंगी और पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। शीतलाखेत को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित करने का कार्य किया जाएगा। रानीखेत में 15 लाख रुपये की लागत से स्टार गैजिंग का निर्माण कार्य किया जाएगा साथ ही अल्मोड़ा नगर के विस्तारीकरण के लिए भी योजना बनाई जा रही है।
विज्ञापन

-डेमोग्राफी बदलने वाले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे : धामी

अल्मोड़ा। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य की डेमोग्राफी बदलने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य में लैंड जिहाद, थूक जिहाद, धर्मांतरण को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सनातन की आड़ में लोगों को ठगने वाले छद्म वेषधारियों के खिलाफ ऑपरेशन कालनेमि सरकार चला रही है। धर्म के नाम पर लोगों से ठगी करने वालों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन

-पौराणिक संस्कृति का पुंज है जागेश्वर धाम : धामी

जागेश्वर में श्रावणी मेले का शुभारंभ, सीएम ने वर्चुअली किया संबोधित, हरेले की बधाई दी
अल्मोड़ा। मौसम खराब होने के कारण सीएम पुष्कर सिंह धामी जागेश्वर नहीं पहुंच पाए। उन्होंने वर्चुअली लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें भगवान के दर्शन करने थे लेकिन मौसम खराब होने के कारण आधे रास्ते ,से लौटना पड़ा। कहा कि जागेश्वर धाम पौराणिक संस्कृति का पुंज है। सरकार सांस्कृतिक धरोहरों को विकसित करने का लगातार कार्य कर रही है।
कहा कि जागेश्वर धाम की पवित्र भूमि के अलावा ऐसा कोई स्थान विश्व में नहीं है जहां भगवान शिव जाग्रत रूप में रहते हैं। यहां जब भी उन्हें आने का अवसर मिला उन्हें यहां आकर आध्यात्मिक शांति की अनुभूति हुई। श्रावणी मेला एक धार्मिक मेला नहीं बल्कि गौरवशाली प्रतीक पुंज है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक धरोहरों को संजोने का कार्य किया जा रहा है। अयोध्या राम मंदिर हो या काशी कॉरिडोर, केदारनाथ मंदिर हो सभी धार्मिक स्थलों को विकसित करने के लिए कार्य किया जा रहा है।

कहा कि मानसखंड मंदिर कॉरिडोर में आने वाले कुमाऊं के सभी मंदिरों को विकसित और संरक्षित करने का कार्य लगातार कार्य किया जा रहा है। जागेश्वर मंदिर के मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए विकास कार्य किए जा रहे हैं। जागेश्वर धाम को विकसित करने के लिए प्रथम चरण में 146 करोड़ रुपये प्रथम चरण में स्वीकृत किए गए हैं। आरतोला में पार्किंग क्षमता को बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। दुकानों आदि का निर्माण करने का कार्य किया जा रहा है।

अग्रणी राज्य बनाने के लिए संकल्पित होकर किए जा रहे हैं कार्य

अल्मोड़ा। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाने के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। पहली बार उत्तराखंड को नीति आयोग के इंडेक्स में पहला स्थान मिला। प्रत्येक व्यक्ति को सुविधाएं मिले इसके लिए सरकार कार्य कर रही है। राज्य के लोगों ने उनका हमेशा साथ दिया है। आगे भी उन्हें सहयोग देते रहेंगे। संवाद

मास्टर प्लान के नाम पर कुछ लोग कर रहे हैं भ्रमित
अल्मोड़ा। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार मास्टर प्लान के तहत जागेश्वर धाम को विकसित करने का कार्य कर रही है। कुछ लोग मास्टर प्लान के नाम पर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रमित होने की आवश्यकता नहीं है। सरकार ने जिन भी स्थानों पर कार्य किए हैं, वे लोगों की सहमति और सुझाव लेकर किए हैं। संवाद
नकल माफिया जेल की सलाखों में

अल्मोड़ा। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार राज्य के युवाओं को रोजगार देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। 24 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। सख्त नकल विरोधी कानून लाकर नकल माफियाओं को जेल की सलाखों के पीछे भेजा है। संवाद

सीएम की अपील : अपने आसपास जरूर लगाएं फलदार पौधे
अल्मोड़ा। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरेले के दिन सात लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने लोगों से उन पौधों का संरक्षण करने और अपने आसपास फलदार और छायादार पौधे लगाने की अपील की। संवाद
हर-हर महादेव के जयकारों के साथ जागेश्वर धाम में प्रसिद्ध श्रावणी मेला शुरू

सुबह से ही पूजा-पाठ के लिए उमड़े श्रद्धालु, मंदिर में हुए धार्मिक अनुष्ठान
नंदा राजजात यात्रा थीम पर निकाली यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र
अल्मोड़ा। प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में एक माह तक लगने वाले श्रावणी मेले का शुभारंभ हो गया है। इस दौरान छोलिया दलों ने सुंदर प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। स्थानीय बच्चों की ओर से नंदा राजजात यात्रा थीम पर निकाली गई यात्रा प्रमुख आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर में दिन भर धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे।
बुधवार को विधिविधान से मेले का शुभारंभ केंद्रीय सड़क राज्यमंत्री अजय टम्टा, विधायक मोहन सिंह मेहरा, उपाध्यक्ष मंदिर प्रबंधन समिति नवीन भट्ट, पुजारी प्रतिनिधि पंडित नवीन चंद्र भट्ट और डीएम आलोक कुमार पांडे ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार संस्कृति के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सभी को लोकपर्व हरेला की शुभकामनाएं दीं।
सांसद ने कहा कि जागेश्वर को मानसखंड मंदिर माला परियोजना में शामिल कर मास्टर प्लान के तहत इसका विकास किया जा रहा है। इससे जागेश्वर धाम को विश्व पटल पर नई पहचान मिलेगी और यहां के साथ पूरे जिले के धार्मिक पर्यटन को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम प्रदेश में ही नहीं बल्कि पूरे देश और विश्व में प्रसिद्ध है। देश-विदेश के श्रद्धालुओं की धाम में अपार आस्था है। कहा कि मेले को भव्य रूप देने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

स्थानीय विधायक मोहन सिंह मेहरा ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। श्रावणी मेले में संस्कृति की भी कई छटाएं देखने को मिलीं। कलाकारों ने अपनी प्रतिभा एवं कलाकारी से लोगों को मंत्रमुग्ध किया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, कार्यवाहक प्रबंधक जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति बरखा जलाल समेत कई लोग मौजूद रहे।

रंगारंग कार्यक्रमों की धूम

अल्मोड़ा। श्रावणी मेले के शुभारंभ पर रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। छात्र-छात्राओं और अन्य कलाकारों ने भगवान शिव की स्तुति में भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस दौरान पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। कलाकारों ने कुमाऊंनी और गढ़वाली लोकगीतों से समा बांधा। कार्यक्रमों का आनंद लेने बड़ी संख्या में दर्शक उमड़े। संवाद
मौसम साफ रहने से मिली राहत
अल्मोड़ा। सावन के पहले सोमवार को मौसम ने भी भक्तों का साथ दिया। हालांकि सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे लेकिन बारिश थमने और बादलों के बीच हल्की धूप खिलने से लोगों को राहत मिली। इसके चलते जागेश्वर धाम में भक्तों की भीड़ जुटी रही। संवाद
देर रात तक व्यवस्थाओं में जुटे रहे
अल्मोड़ा। श्रावणी मेले के शुभारंभ की तैयारियों के लिए मेला अधिकारी संजय कुमार देर रात तक अपनी टीम के साथ मेले में व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए जुटे रहे। उन्होंने मेले के शुभारंभ से पूर्व मंदिर सजावट आदि के कार्य मौके पर रहकर पूरे कराए। संवाद
-------मंच पर स्थान नहीं मिलने की सूचना पर लौट गए कुंजवाल

जिला प्रशासन पर लगाए मंच में उनके लिए लगाई कुर्सी को हटाने के आरोप



संवाद न्यूज एजेंसी

अल्मोड़ा। जागेश्वर श्रावणी मेले के शुभारंभ के अवसर पर सियासी रंग भी देखने को मिले। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता गोविंद सिंह कुंजवाल को सूचना मिली कि उनके लिए पूर्व में मंदिर समिति ने मंच पर कुर्सी लगाई थी जिसे हटा दिया है। ये सुनने के बाद वह आधे रास्ते से वापस लौट गए। उनकी कुर्सी हटाने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी थी। किसी तरह कुंजवाल ने कार्यकर्ताओं को फोन पर समझाकर उनके गुस्से को शांत किया।



जागेश्वर धाम में मेले के शुभारंभ के अवसर पर मंच पर सभी अतिथियों के लिए नाम सहित कुर्सी लगाई गई थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कार्यक्रम का शुभारंभ होने से पूर्व डीएम ने मंच का निरीक्षण किया और उनके लिए लगाई कुर्सी को हटा दिया। इसकी सूचना कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुंजवाल को दी तो वह आधे रास्ते से वापस लौट गए थे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल का कहना है कि डीएम ने आचार संहिता को देखते हुए उनकी कुर्सी हटाई या अन्य कारणों से, यह पता नहीं। मंच दिन भर भाजपा कार्यकर्ताओं से खचाखच भरा हुआ था। जिला प्रशासन को सभी के साथ समन्वय बनाकर व्यवहार से कार्य करना चाहिए था। जिला महामंत्री कांग्रेस हरिमोहन भट्ट का कहना है कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल गांधीवादी नेता हैं। उनकी छवि गिराने की साजिश की जा रही है जिसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


भाजपा कार्यकर्ता बनकर कार्य कर रहा है जिला प्रशासन

अल्मोड़ा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज का कहना है कि जिला प्रशासन भाजपा का कार्यकर्ता बनकर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के लिए मंच पर लगी कुर्सी को हटाना दुर्भाग्यपूर्ण है। यह सब भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के इशारों पर हुआ है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष का अपमान बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संवाद



सीएम के कार्यक्रम को लेकर डायस प्लान ऊपर से ही आता है। उसका पालन किया जाता है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मेले में आए ही नहीं थे।



आलोक कुमार पांडे, डीएम अल्मोड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed