रानीखेत (अल्मोड़ा)। जालली गांव में जय मां भगवती क्रिकेट प्रतियोगिता समाप्त हो गई है। प्रतियोगिता के फाइनल में कफड़ा की टीम ने वलना की टीम को 26 रनों से हरा दिया। मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश भट्ट ने पुरस्कार बांटे और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
फाइनल मुकाबले में वलना और कफड़ा की टीमें आमने-सामने थीं। कफड़ा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर निर्धारित 12 ओवर में 84 रन बनाए। जवाब देने उतरी वलना की टीम 58 रन ही बना सकी। कफड़ा ने 26 रनों से शानदार जीत दर्ज कर ली। विजेता टीम को 11 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी दी गई। उपविजेता टीम को 51 सौ रुपये का नकद पुरस्कार और ट्रॉफी दी गई। कफड़ा के बालम मैन ऑफ द सीरीज रहे। वह फाइनल मुकाबले के मैन ऑफ द मैच भी रहे। मुख्य आयोजक प्रमोद कुमार, शेखर, हेम नेगी, संजय, नीरज समेत समिति के अध्यक्ष प्रताप सिंह नेगी, जीवन लाल, आनंद सिंह, दिनेश रावत, हेमंत नेगी, दीपक आदि ने अतिथियों का आभार जताया। इस अवसर पर बीडीसी सदस्य माया नेगी, भाजपा मंडल अध्यक्ष जनार्दन पांडे, बीडीसी जीवन सिंह बिष्ट आदि कई जनप्रतिनिधि भी रहे।