हिमांशु के साथियों का लाई डिटेक्टर टेस्ट होगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमांशु धर्मशक्तू की मौत के मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस मामले में हिमांशु के पिता ने उसके पांच साथियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं नामजद युवक आरोपों से इनकार कर रहे हैं। पुलिस ने अब नामजद युवकों का लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने का निर्णय लिया है और अदालत ने भी इसकी अनुमति दे दी है। दूसरी तरफ आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने पर हिमांशु के परिजनों में रोष है। इस मुद्दे को लेकर जोहार संगठन और हिमांशु के परिजनों ने सोमवार को चौघानपाटा में आम बैठक बुलाकर आंदोलन की रणनीति तय करने का ऐलान किया है।
बता दें कि न्यू इंदिरा कॉलोनी निवासी हिमांशु धर्मशक्तू पुत्र बलवंत सिंह धर्मशक्तू बीते 24 नवंबर को अपने कुछ दोस्तों के साथ महतगांव एक बारात में गया था और रात में अचानक बारात से गायब हो गया। काफी खोजबीन के बाद उसका शव 29 नवंबर को कोसी नदी के किनारे डॉग स्क्वायड ने खोजा था। मामले में हिमांशु के पिता ने पंकज कनवाल सहित पांच साथियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उनका कहना था कि यही युवक हिमांशु को अपने साथ ले गए और पंकज कनवाल बाइक की चाबी अगले दिन घर पर दे गया। हिमांशु के पिता ने डीएम और एसएसपी को लिखे पत्र में आरोप लगाया है कि इन युवकों ने हिमांशु के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी और रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। उनका कहना है कि दोषी खुलेआम घूम रहे हैं। हिमांशु के परिजनों ने आम लोगों से भी ऐसे मामलों में आवाज उठाने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं नहीं हों।
इसी के मद्देनजर हिमांशु के परिजनों और जोहार सांस्कृतिक संगठन की ओर से कल सोमवार को चौघानपाटा में आम बैठक बुलाई गई है, जिसमें आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। इधर, एसएसपी पी रेणुका देवी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और नामजद किए गए पांचों युवकों का शीघ्र लाई डिटेक्टर टेस्ट कराया जाएगा। इसके लिए अदालत से अनुमति मिल गई है और दिल्ली में इसके लिए तिथि मांगी जा रही है। उन्होंने बताया कि लाई डिटेक्टर टेस्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।