Uttarakhand: भाजपा विधायक को मिली जान से मारने की धमकी, क्षेपं सदस्य पर केस; दो गुटों में आपसी तकरार तरम पर
विधायक महेश जीना और उन्हीं की पार्टी के तल्ला सल्ट के क्षेत्र पंचायत सदस्य हंसा नेगी उर्फ हर्ष नेगी के बीच चल रही अदावत को लेकर अब पुलिस भी गंभीर नजर आ रही है। एक बार फिर से विधायक महेश जीना को जान से मारने की धमकी मिली है।
विस्तार
अल्मोड़ा में सल्ट के भाजपा विधायक महेश जीना और उन्हीं की पार्टी के क्षेत्र पंचायत सदस्य हंसा उर्फ हर्ष नेगी के बीच चल रहा मनमुटाव का मामला शांत नहीं हो पा रहा है। पिछले सप्ताह ही हर्ष नेगी के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कराने वाले विधायक महेश सिंह जीना ने मंगलवार की रात उन पर एक और केस दर्ज कराया है। जीना ने नेगी पर मोबाइल पर गालीगलौज, अभद्रता तथा परिवार समेत जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए हैं।
विधायक के अनुसार उन्होंने इस बारे में थानाध्यक्ष भतरौंजखान को रात 11:14 बजे ही जानकारी दे दी थी। विधायक ने आरोपी को जिलाबदर करने की मांग उठाई है। आरोपी हंसा नेगी भाजपा के ही सक्रिय कार्यकर्ता और क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। विधायक की ओर से आरोपी के खिलाफ एक ऐसा ही मुकदमा पिछले सप्ताह भी दर्ज कराया था। जबकि दो दिन पहले ही विधायक और बीडीसी सदस्य के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इस मामले में दोनों पक्ष पुलिस के पास गए थे लेकिन पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय उनकी तहरीर को जांच के लिए रखा हुआ है।
ये पढ़ें- Nainital News: राजीव गांधी छात्रावास में बचे 15 बच्चे, विधायक ने नवोदय विद्यालय का निरीक्षण किया; की घोषणाएं
मेरे ऊपर लगे आरोप निराधार हैं। मैंने विधायक अथवा उनके किसी भी करीबी को फोन नहीं किया। पुलिस को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर उस फोन के स्वामी को तलाशना चाहिए जिस नंबर से फोन आया और वह सिम जिसके नाम पर है उससे पूछा जाना चाहिए कि उसने किस प्रयोजन से तथा किसके कहने पर फोन किया। मुझे बेवजह झूठे मामलों में फंसाकर मानसिक शोषण किया जा रहा है।
- हंसा नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य।
- देवेंद्र पींचा, एसएसपी अल्मोड़ा