धौलछीना (अल्मोड़ा)। आउट रीच ब्यूरो से संबद्ध टीम दर्पण अल्मोड़ा के कलाकरों ने धौलछीना ब्लॉक में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। कलाकारों ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से सुरक्षित प्रसव और शिशुओं की सुरक्षा को लेकर चलाई जा रही केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन इंद्रधनुष के बारे में जानकारी दी।
कलाकारों ने धौलछीना ब्लॉक में नुक्कड़ नाटक, जनगीत प्रस्तुत कर गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण कर टीकाकरण करने, आयरन की गोलियां लेने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच, प्रसव अस्पताल में कराने से लेकर प्रसव के बाद बच्चे का भी टीकाकरण करने संबंधी योजनाओं की जानकारी दी। बताया गया कि गर्भवती महिलाओं और बच्चे को सभी सुविधाएं निशुल्क दी जाती हैं। समिति की विभु कृष्णा ने बताया कि प्रसव अस्पताल में कराने पर घर जाने के लिए खुशियों की सवारी और प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है। इस मौके पर ऋतु सुपियाल, एएनएम रिंकू रावत, राधा बगडवाल, अंजली वर्मा, इंदु, डॉ. संजीव शुक्ला, सुहाना अहमद, नीरज बिष्ट, दीपक पेटसाली, धीरेंद्र रावत, महीप लोबियाल, मयंक जोशी, विप्लव कृष्णा, शैलेंद्र आदि मौजूद थे।