द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। बग्वालीपोखर में स्थापित भारतीय स्टेट बैंक का एटीएम पिछले माह से खराब है। इससे उपतहसील के हजारों लोगों को एटीएम सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कई बार क्षेत्रीय लोगों ने इसके लिए उच्चाधिकारियों से शिकायत भी की गई, लेकिन एटीएम नहीं सुधर सका है। इससे लोगों में रोष है।
सामाजिक कार्यकर्ता बलबीर भंडारी ने बताया कि बग्वालीपोखर में एसबीआई का एकमात्र एटीएम है। इससे हजारों क्षेत्रवासियों को लाभ मिलता है। लॉकडाउन के समय इसकी उपयोगिता बढ़ने के बावजूद ग्रामीण इस सेवा से वंचित हैं। छुट्टी के दिन और ज्यादा परेशानी का सामना ग्रामीणों को करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बग्वालीपोखर, बिंता, गगास, छानागोलू, पनेरगांव, मेल्टा, बांसुलीसेरा, हाट, नौसार, उड़गल, गोफा, रावलसेरा, धमोली, कुवांली, भंडरगांव आदि गांवों का एकमात्र एटीएम है। बैंक के अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि एटीएम के लिए संबंधित एजेंसी को बता दिया गया है। लॉकडाउन के चलते एटीएम नहीं सुधर सका है।